भाजयुमो ने मनाई राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती
भिण्ड, 12 अक्टूबर। भारतीय जनता युवामोर्चा के कार्यकर्ताओं ने निराश्रित भवन पर राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती मनाई। कार्यक्रम की शुरुआत राजमाता सिंधिया के चित्र पर पुष्पमाला अर्पण कर श्रृद्धांजलि अर्पित की और निराश्रित भवन में निवासरत वृद्धों एवं बुजुर्गों को फल और बिस्किट बांटे।
इस अवसर पर भारतीय जनता युवामोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक ने कहा कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया का जन्म 12 अक्टूबर 1919 में हुआ था। राजमाता विजयाराजे भारतीय जनता पार्टी की संस्थापक सदस्य थी, उन्होंने भाजपा को अंचल सहित पूरे देश में मजबूत किया। खास तौर पर अंचल में उनका प्रभाव था, इसलिए उनकी वजह से ग्वालियर चंबल में भाजपा स्थापना के बाद से मजबूत होती गई। वह निडर और दयालु थी, उन्हें अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं से बहुत प्रेम और स्नेह था।
युवा पार्षद दीपक शर्मा ने कहा कि हम बहुत गर्व महसूस करते हैं, क्योंकि राजमाता सिंधिया हमारे भिण्ड लोकसभा से सन 1971 में सांसद बनी थीं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही हमारे भिण्ड जिले में साल दर साल विकास के लिए बहुत कुछ किया। राजमाता सिंधिया ने हमेशा कार्यकर्ताओं को बढ़ाने का सदैव कार्य किया है, इसीलिए राजमाता सिंधिया के किए हुए कार्य को भुला नहीं सकते।
कार्यक्रम में युवामोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अमित चौधरी, मण्डल उपाध्यक्ष लवकुश परिहार, मण्डल उपाध्यक्ष प्रतीक पाण्डे, भाजपा नेता शिवनंदन सिंह भदौरिया, प्रशांत तिवारी, रवि शर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।