देवेन्द्र नरवरिया भिण्ड एवं अभय शर्मा ग्वालियर नगर जिलाध्यक्ष नियुक्त
आशुतोष शर्मा आशु
ग्वालियर, 06 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने प्रदेश के पांच जिलों में पार्टी के जिलाध्यक्ष बदले हैं। जिसमें भिण्ड, ग्वालियर नगर, गुना, अशोक नगर एवं कटनी जिले में नए जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। जिसमें पहले नंबर पर देवेन्द्र नरवरिया को भिण्ड जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय से जारी सूची में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भिण्ड जिले में देवेन्द्र नरवरिया, ग्वालियर नगर के लिए अभय शर्मा, गुना के लिए धर्मेन्द्र सिकरवार, अशोक नगर में आलोक तिवारी, एवं कटनी जिले में दीपक सोनी (टंडन) को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
भिण्ड जिले में वर्तमान जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर के स्थान पर देवेन्द्र नरवरिया को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। नवरिया संगठन निष्ठ पुराने सक्रिय कार्यकर्ता हैं, वे संगठन व निर्वाचित विभिन्न महत्व पूर्ण पदों पर रह चुके हैं, वर्तमान में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सबसे चहेते हैं, उनको यह जिम्मेदारी दी जाने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। देवेन्द्र नरवरिया ने अपने राजनैतिक कैरियर की शुरुआत भाजपा युवामोर्चा से की थी, वे सर्वप्रथम युवा मोर्चा के जिला कोषाध्यक्ष, महामंत्री व युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं भाजपा के जिलामंत्री भी रह चुके हैं। और वर्तमान में किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री थे। इसके अलावा निर्वाचित पदों में तीन बार सरपंच व जनपद सदस्य भी रह चुके हैं। वर्तमान में कृषि उपज मण्डी मेहगांव के अध्यक्ष थे। देवेन्द्र नरवरिया के अध्यक्ष बनाने में उनका निर्गुट होना पहला कारण है, वर्तमान में वे जिले के सभी नेताओं की पसंद बताए जाते हैं।
वहीं ग्वालियर नगर के जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी के स्थान पर अभय शर्मा को नियुक्त किया गया है। अभय शर्मा पूर्व में भी भाजपा के जिलाध्यक्ष एवं साडा विकास निगम ग्वालियर के अध्यक्ष रह चुके हैं।