जल विहार महोत्सव गोरमी की ऐतिहासिक धरोहर है : कुशवाहा

गोरमी जल विहार मेले का हुआ समापन

भिण्ड, 11 सितम्बर। गोरमी नगर के ऐतिहासिक जल विहार महोत्सव समापन कार्यक्रम नगर के धुरकोट मन्दिर स्थित मेला रंगमंच पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह एवं विशेष अतिथि के रूप में जण्डेल सिंह भदौरिया, प्रेमसिंह सखवार, भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुभाष थापक, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संजीव शर्मा एवं अध्यक्षता नगर परिषद की अध्यक्षा पुष्पा महेश्वरी जाटव ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों ने स्वागत किया।


मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा ने कहा कि गोरमी जल विहार महोत्सव एक ऐतिहासिक मेला है, इसका इतिहास काफी पुराना है, हम सबको मिलकर इस जल विहार महोत्सव को और अधिक बड़ा रूप कैसे दिया जाए आगे इस पर विचार करना होगा। जल विहार महोत्सव में जिस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या, कवि सम्मेलन, धार्मिक प्रवचन आयोजित हुए, इन सब कार्यक्रमों से नगर में आपसी प्रेम एवं भाईचारा बढ़ता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगर परिषद के अध्यक्ष पुष्पा महेश्वरी जाटव ने कहा कि जल विहार महोत्सव में नगर वासियों का एवं परिषद का एवं साथी पार्षदों का जिस प्रकार का सहयोग मिला, उसके लिए सभी पार्षद एवं नगरवासी धन्यवाद के पात्र हैं। इस मेले को आगे और अधिक भव्य और दिव्य बनाया जाए, हम लोग इसके लिए पूरे प्रयास करेंगे।
समापन कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथिगण, पार्षदगण एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने भी जल विहार महोत्सव पर अपने-अपने विचार रखे और अपने-अपने सुझाव दिए। कार्यक्रम के अंत में जल विहार महोत्सव का मीडिया एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने वाले स्थानीय पत्रकारों का नगर परिषद द्वारा शॉल-श्रीफल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन जगत सिंह यादव एवं आभार प्रकट नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा-महेश्वरी जाटव ने किया। कार्यक्रम में पार्षद भगवती थापक, सुंदर सिंह यादव, धर्मेन्द यादव, डॉ. संतोष तिवारी, बसंत राजावत, शिवराज यादव, विकास थापक, सुभाष यादव, मोनू यादव, रामसहाय सखवार, डॉ. मोहन सखवार, हरिओम कटारे, सुरेन्द्र जैन, मोहन खेरा आदि उपस्थित थे।