स्पर्धा योजना के तहत युवाओं को खेल के प्रति जागरुक किया जाएगा : बरुआ

भिण्ड, 05 सितम्बर। मप्र पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष दर्जा कैबिनेट मंत्री प्राप्त शैलेन्द्र बरुआ ने सर्किट हाउस पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भिण्ड जिले में मप्र पाठ्य पुस्तक निगम जन सहयोग से स्पर्धा-2022 कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्पर्धा 2022 का मुख्य उद्देश्य खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाना, उन्हें और अधिक प्रतिभावान बनाना है। इससे आगे चलकर युवाओं को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकेगा। इसी उद्देश्य से खेलों को बढ़ावा देने, युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मप्र पाठ्य पुस्तक निगम के सहयोग से स्पर्धा 2022 का आयोजन किया जा रहा है, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अच्छे अवसर प्राप्त हो सकें। पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री केशव सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर, भाजपा युवा नेता विकास शर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमित दुबे, जिला मंत्री उपेन्द्र राजौरिया मौजूद थे।
निगम अध्यक्ष बरुआ ने कहा कि भिण्ड जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बल्कि उनकी प्रतिभा को निखारने की जरूरत है। इसलिए सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्पर्धा 2022 कराने का निर्णय लिया है, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर प्राप्त हो सके। जब हमारे जिले के युवा अपनी खेल प्रतिभा का अच्छा प्रदर्शन करेंगे तो वे राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले खेलों में भाग ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि खेलों का जीवन में बहुत बड़ा महत्व है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपने मन की बात में ओलंपिक खेलों को बड़ा महत्व दिया है और खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग है और बच्चों में खेल के प्रति ज्यादा रुचि बड़े इसके लिए पाठ्य पुस्तक निगम ने तीन महीने का कार्यक्रम तैयार किया है। अखिल भारतीय स्तर तक की टीमें भाग लेंगी और खेल के क्षेत्र में जो हमारी प्रतिमाएं छुपी हैं उन्हें आगे लाने का मौका निगम द्वारा दिया जाएगा, ताकि वह खेल के क्षेत्र में अपनी कला का प्रदर्शन कर सकें।