हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत एमजेएस कॉलेज से अटेर किले तक निकाली जागरूकता रैली

भिण्ड, 14 अगस्त। आजादी का अमृत महोत्सव अंतर्गत ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में सभी की सहभागिता हो इसके लिए एमजेएस स्टेडियम भिण्ड से अटेर किला तक तिरंगा बाइक रैली निकाल कर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, देवेन्द्र सिंह भदौरिया, एडीएम प्रवीण फुलपगारे, एएसपी कमलेश कुमार खरपुसे, एसडीएम भिण्ड-अटेर उदय सिंह सिकरवार सहित अन्य अधिकारी, समाजसेवी उपस्थित रहे।


जिले के सभी नागरिकों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाने और तिरंगे से जुड़ाव को गहरा करने के उद्देश्य से एमजेएस स्टेडियम भिण्ड से अटेर किला तक जागरुकता रैली का आयोजन किया गया। साथ ही जिले के सभी नागरिकों से अपने घरों पर गर्व से तिरंगा फहराने और हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया गया। तिरंगा बाइक रैली भिण्ड शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरती हुई अटेर किला पर समाप्त हुई। रैली में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारियों, आमजनों ने में हाथों में तिरंगा लिए हुए भारत माता का जयघोष करते हुए देशभक्ति के नारे लगाए और हर घर तिरंगा अभियान का संदेश दिया। भव्य तिरंगा रैली का समापन ऐतिहासिक अटेर किला पर शौर्य, शांति और समृद्धि के प्रतीक तिरंगे झण्डे को लहराकर आमजन से हर घर तिरंगा अभियान से जुडऩे का आह्वान कर किया गया।
इस अवसर पर भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमने स्वतंत्र भारत में जन्म लिया है। हमें जो स्वतंत्रता मिली वह आसान नहीं थी। स्वतंत्रता संग्राम में अनेक लोग शहीद हुए, अनेकों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि आनंद और उत्साह से आजादी का पर्व मनायें उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश भक्ति के जज्बे के साथ तिरंगा फहराएं। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव राष्ट्र भक्ति की भावनाओं से जुड़ा अवसर है। हमें तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति कृतज्ञ होने की भावना का प्रदर्शन करना चाहिए। हर घर तिरंगा अभियान में सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।