भिण्ड, 08 अगस्त। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत सोमवार को आलमपुर कस्बे में विशाल तिरंगा रैली निकली। जिसमें कस्बे के विभिन्न विद्यालयों के एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं सहित आलमपुर थाना प्रभारी पुलिस जवान के साथ शामिल हुए। स्थानीय विजय मंच से प्रारंभ हुई तिरंगा रैली के दौरान सबसे आगे थाना प्रभारी केदार सिंह यादव पुलिस जवानों के साथ राष्ट्रीय ध्वज थामे चल रहे थे। तो वहीं विद्यालय के छात्र-छात्राएं डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों पर तिरंगा झण्डा लहराते हुए वंदे मातरम् एवं भारत माता के गगनभेदी जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
तिरंगा रैली के दौरान नगर वासियों ने कई जगह पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया। आलमपुर कस्बे में विजय मंच से शुरू हुई तिरंगा रैली तिवारी मोहल्ला, पुरानी नगर पंचायत, खोडऩ मोहल्ला, महाजन घटिया, पुरोहित मोहल्ला, चौधरी हाल, छेदी मन्दिर, नई मस्जिद, बस स्टेण्ड होते हुए वापस विजय मंच पर पहुंची, जहां पर भारत माता की आरती के पश्चात तिरंगा रैली का समापन हुआ। तिरंगा रैली में छात्र-छात्राओं के अलावा विद्यालय स्टाफ एवं कस्बे के युवा तथा कुछ नागरिक शामिल थे।