भाविप की महिला शाखा ने विश्व शांति हेतु किया दीप यज्ञ

भिण्ड, 02 मार्च। संपूर्ण विश्व बारूद के ढेर पर बैठा है, चारों तरफ अराजकता फैलने को आतुर है, ऐसे में सिर्फ भारत देश की संस्कृति में ही इतनी क्षमता है जो विश्व को शांति की ओर ले जा सकती है। यूक्रेन एवं रूस में चल रहे युद्ध को शांतिपूर्वक समाप्त करने हेतु यह दीप यज्ञ का आयोजन बहु उपयोगी सिद्ध होगा। यह बात भारत विकास परिषद महिला शाखा जागृति की कोषाध्यक्ष श्रीमती अरुणा पाठक ने स्थानीय कालेश्वर मन्दिर गौरी घाट पर दीप यज्ञ में कही।
इन दिनों भारत विकास परिषद महिला शाखा द्वारा संस्कृति सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है, जिसके चौथे दिवस परिषद की बहनों द्वारा घर से आटे से बने दीपक प्रज्वलित कर विश्व शांति की कामना की गई। साथ ही आटे के दीपकों को गौरी में प्रवाहित कर मछलियों को अन्न की व्यवस्था एवं पर्यावरण अनुकूलता का संदेश भी दिया गया। परिषद की बहनों द्वारा 101 आटे के दीप प्रज्वलित कर शांति मंत्र एवं गायत्री मंत्र का जप किया गया, तत्पश्चात इन दीपों को दोने में रखकर गौरी मैया पर विसर्जित किया गया। इस अवसर पर शाखा उपाध्यक्ष ऊषा नगरिया, अधिवक्ता रश्मि भदौरिया, दिव्या शिवहरे, रत्ना कुशवाह, गीता दीक्षित, निशा भारद्वाज, शिखा चावला, पुष्पा चतुर्वेदी, मनु शिवहरे आदि बहनें उपस्थित रहीं।