पुरानी पेंशन बहाली हेतु बैठक आज

भिण्ड, 12 फरवरी। न्यू मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन संघ के तत्वावधान में शासकीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों की नवीन पेंशन योजना (एनपीएस) बंद कर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाली को लेकर बैठक का आयोजन 13 फरवरी को गौरी सरोवर स्थित बोट क्लब पर दोपहर एक बजे किया जाएगा। उक्त जानकारी जिला अध्यक्ष गगन शर्मा ने दी। उन्होंने अपील की है कि इस बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी सहभागिता करें जिससे कि पुरानी पेंशन बहाली हेतु रणनीति को तेज किया जा सके।

जैन स्कूल के संस्थापक की प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम कल

भिण्ड। भारत गौरव गणाचार्य विराग सागर महाराज, श्रमण मुनि विहसंत सागर महाराज के सानिध्य एवं प्रेरणा से जैन उमावि भिण्ड के संस्थापक आध्यात्मिक संत क्षुल्लचक श्री 105 गणेश प्रसाद वर्णी की प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम 14 फरवरी को सुबह आठ बजे जैन स्कूल में विधायक संजीव सिंह कुशवाह, जिला पंचायत सीईओ जेके जैन के आतिथ्या एवं समाज के गणमान्य नागरिको की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने जा रहा है। प्रेस को जारी विज्ञप्ति में मनोज जैन ने बताया कि भारत गौरव गणाचार्य विराग सागर महाराज के ससंघ सानिध्यम में सुबह आठ बजे उक्त कार्यक्रम संपन्न होगा एवं दोपहर एक बजे आचार्यश्री का मंगल विहार मेहगांव के लिए होगा।