कांग्रेस ने शुरू किया बूथों को मजबूत करने का अभियान

पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ल की मौजूदगी में किया गया शुभारंभ

भिण्ड, 01 फरवरी। मप्र कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देश पर घर-घर चलो कांग्रेस के महाअभियान के साथ मंगलवार को मेहगांव विधानसभा के ग्राम खेरियातोर में मप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं भिण्ड जिले के प्रभारी बालेन्दु शुक्ला के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ल ने खेरियातोर ग्राम पंचायत के बूथ की चौपाल पर ग्रामीणों को संबोधित किया और कांग्रेस की 15 महीने की सरकार की उपलब्धियां बताई। वहीं भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों को लेकर के भी निशाना साधा। आज बालेन्दु शुक्ला द्वारा घर चलो, घर घर चलो अभियान की शुरुआत की गई, जिसमें कार्यकर्ता सीधे आम जनता से घर-घर पहुंचकर संपर्क करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ल ने कहा कि आप सभी ने वर्ष 2018 में बीजेपी की 15 वर्षों की सरकार को बदलने का निर्णय लिया और कांग्रेस को वोट देकर एक नई सरकार बनाई। कांग्रेस को सत्ता सौंपते वक्त आप के मन में बदलाव के विचार थे नई आशा और नई सुबह के सपने थे। मप्र की इस सुनहरी तस्वीर से माफिया, भ्रष्टाचारी और दलाल भयभीत हो गए। कमलनाथ सरकार की इस नीति से भयभीत होकर भाजपा ने कुचक्र रचा और जनादेश से चुनी गई कांगे्रस सरकार को सौदेबाजी से गिरा दिया और मप्र के नवनिर्माण का सफर अधूरा रह गया। कांग्रेस शासनकाल में ऐसी परिस्थितियां प्रदेश में कभी नहीं हुई, जहां अब भाजपाकाल में प्रदेश का हर वर्ग परेशान हो रहा है। आज प्रदेश में भटकता हुआ नौजवान है, पीडि़त किसान है, शोषित व्यापारी है, असुरक्षित बेटियां हैं और निम्न एवं मध्यम वर्ग महंगाई की मार झेल रहा है।
इस अवसर पर कांगे्रस जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा, भिण्ड शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा, जिला महामंत्री अमित दांतरे, किसान कांग्रेस अध्यक्ष गजेन्द्र भदौरिया, प्रदेश कांग्रेस सचिव रामहरि शर्मा, रणजीत सिंह गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष रामअवतार चौधरी, अजमेर सिंह गुर्जर, एडवोकेट सुभाष राठौर, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीमती ममता भदौरिया, डॉ. बृजेश मौर्य, कल्पना मिश्रा, हरनारायण एडबोकेट, बबलू त्यागी, राहुल ढमोले के अलावा जिले व ब्लॉक के पदाधिकारी मौजूद रहे।