भिण्ड, 14 अगस्त। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार लहार मण्डल द्वारा गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व लहार विधायक अमरीश शर्मा ने किया। यात्रा का प्रारंभ मैथली शरण गुप्त पार्क से हुआ, तिरंगा यात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए सरयू वाटिका पहुंची, जहां एक आमसभा का आयोजन किया गया।
लहार पुलिस ने निकाली तिरंगा यात्रा
पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव के निर्देशानुसार घर-घर तिरंगा हर घर तिरंगा अभियान के दौरान गुरुवार को एसडीओपी लहार प्रवीण त्रिपाठी के निर्देशन में बाइक तिरंगा रैली निकाली गई। तिरंगा यात्रा थाना लहार से शुरू होकर सिविल अस्पताल मार्ग, लोहिया चौक, मस्तौरा चौराहा, महाराणा प्रताप चौराहा होते हुए थाने पर जाकर समाप्त हुई। रैली में थाना प्रभारी लहार रविन्द्र शर्मा, उप निरीक्षक नरेन्द्र शर्मा तथा थाने का समस्त स्टाफ सम्मिलित रहा।