भिण्ड, 26 जुलाई। भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा के असामयिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा कि संघ व भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता होने के बावजूद उनके सभी राजनैतिक दलों से गहरे संबंध रहे और वे संबंध निभाने में बहुत दक्ष थे।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्वमंत्री डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा कि जब वे पत्रकार थे तब से लेकर अभी तक उनसे दोस्ताना संबंध कायम रहे। एक-दूसरे की विचारधारा इन संबंधों में कभी आडे नहीं आई। उन्होंने श्री झा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में उन्होंने काफी नाम कमाया, लेकिन अभी उनकी उम्र ही क्या थी मात्र 67 साल और वे अनंत यात्रा पर निकल गए। स्व. प्रभात झा ने बिहार से आकर मध्य प्रदेश के ग्वालियर को अपनी कर्मस्थली बनाया और परिश्रम के बल पर उन्होंने ऊंचाईयों को छुआ। वे कर्मठ व्यक्ति थे। अपनी विचारधारा से उन्होंने कभी कोई समझौता नहीं किया। सबसे मधुर संबंध आखिरी समय तक बनाए रखे। वे ऐसे व्यक्ति थे जिनके हर छोटे व्यक्ति से भी संबंध थे और बडे से भी। वे कई बीमारियों को अपने तन में समेटे हुए थे लेकिन हमेशा खुश रहा करते थे। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर इस दु:ख की घडी में उनके परिवार को असीम दु:ख सहन करने की क्षमता प्रदान करें एवं प्रभातजी को अपने श्रीचरणों मे स्थान दे।