यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं से बच सकते है : शर्मा

गोहद चौराहा थाना पर यातायात नियमों के पालन हेतु लोगों को दिलाई शपथ

भिण्ड, 09 दिसम्बर। जन जागरुकता अभियान के तहत गोहद चोराहा थाना पुलिस ने यातायात नियमों का पालन कराने हेतु थाना परिसर में ग्रामीण एवं आमजनों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में गोहद चौराहा थाना प्रभारी रविन्द्र शर्मा, थाना स्टाफ, पुलिस कर्मचारी, ग्रामीण युवा एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा दिए गए आदेश के तारतम्य में जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जन जागरुकता अभियान के तहत यातायात नियमों की जानकारी एवं पालन हेतु किया जा रहा है। जिसमें लोगों को जागरुक कर यातायात नियमों को पालन करने की जानकारी दी जा रही है।
थाना प्रभारी रविन्द्र शर्मा ने ग्रामीणों को बताया कि आप यातायात नियमों का बखूबी पालन कर भविष्य में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं से लोगों को बचा सकते हैं एवं स्वयं को भी बचाया जा सकता है। यातायात नियम का पालन करना हर व्यक्ति एवं चालक की जिम्मेदारी है कि वह यातायात नियमों का सही तरीके से पालन करें और आने वाली दुर्घटनाओं से सुरक्षित बचें। अमूमन देखा गया है कि यातायात नियमों का पालन नहीं करने के कारण कई दुर्घटनाएं सामने आती हैं, जिसमें दुर्घटनाग्रस्त होने पर कई लोगों की मृत्यु एवं घायल हो जाते हैं। जिससे उन्हें जीवन भर का दंश झेलना पड़ता है। अगर हम सही तरीके से यातायात नियमों का पालन करेंगे तो निश्चित रूप से लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। यातायात नियमों में खासतौर पर चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना, धूम्रपान नहीं करना, शराब पीकर गाड़ी नहीं चलाना, बाइक चालक हेलमेट का प्रयोग करें और शराब पीकर बाइक को कतई ना चलाएं, सवारी गाड़ी में अत्यधिक सवारी न बिठाएं। इन नियमों का पालन एवं जागरुक होकर लोगों को बचा सकते हैं। इस दौरान ग्रामीणों ने शपथ लेते हुए यातायात नियमों का पालन करने की बात कही।