भाजपा किसान मोर्चा की ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ हर घर तिरंगा यात्रा आज

मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौ. दर्शन सिंह करेंगे तिरंगा यात्रा का नेतृत्व

भिण्ड, 19 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर आजादी के 75वे अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा किसान मोर्चा 20 अगस्त को ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ किसान हर घर तिरंगा यात्रा निकालेगा, जिसकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यात्रा का नेतृत्व किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौ. दर्शन सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता करेंगे।
भाजपा किसान मोर्चा मीडिया सेंटर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिलाध्यक्ष विजय दैपुरिया, जिला महामंत्री धर्मेन्द्र सिंह राजावत, अशोक सिंह बघेल ने बताया कि किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौ. दर्शन सिंह के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा लावन की पुलिया, दबोह नहर से ट्रैक्टरों के साथ प्रारंभ होगी। सभी किसान अपने-अपने ट्रैक्टरों पर अपने हाथों पर तिरंगा थाम कर राष्ट्रभक्त के गीत वंदे मातरम के उद्घोष के साथ प्रारंभ करेंगे। तिरंगा यात्रा दाबोहा नहर पुलिया से प्रारंभ होकर त्रिमूर्ति धर्म कांटा, सुभाष चन्द्र बोस चौराहा, बस स्टैण्ड, नगर पालिका परिषद चौराहा, अस्पताल रोड, डॉ. माहेश्वरी वाली गली, परेड चौराहा, पुस्तक बाजार, भूता बाजार, बताशा बाजार, पुरानी कृषि उपज मण्डी, इन्दिरा गांधी चौराहा होती हुई मेला परिसर निराला रंग बिहार पहुंचेगी।
भाजपा किसान मोर्चा के नेताओं ने बताया कि मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह के प्रथम नगर आगमन के दौरान मोर्चा के कार्यकर्ताओं एवं किसानों द्वारा ग्वालियर, मालनपुर, गोहद चौराया, बिडख़री, रायपुरा हनुमानगढ़, बूटी कुईया, मेहगांव, बरोही एवं भिण्ड की सीमा में अभूतपूर्व स्वागत किया जाएगा। किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने समस्त भिण्ड जिले से आने वाले किसान मोर्चा के कार्यकर्ता एवं किसानों को आह्वान किया है कि वे अपने ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ सुबह 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर नहर की पुलिया दबोहा पर पहुंचे और वहां से विशाल रैली के रूप में चलेंगे।