सेवानिवृत्त होने से शासकीय सेवा में बने रिश्ते न टूटते हैं न छूटते हैं : केमोखरिया

– एटीओ पद से सेवानिवृत हुए मोतीराम केमोखरिया

भिण्ड, 31 जुलाई। सहायक कोषालय अधिकारी भिण्ड मोतीराम केमोखरिया के सेवानिवृत्त होने पर गुरुवार को एक सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर उन्हें पुष्पमाला, अंगवस्त्र, कई प्रकार के उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कोषालय के उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुखद और दीर्घायु जीवन के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केमोखरिया अपनी अधिवार्षकीय आयु पूर्ण करने के उपरांत 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो गए। सरल स्वभाव के धनी केमोखरिया ने अपने पूरे सेवाकाल के दौरान पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से कार्य किया, इसी निष्ठा और ईमानदारी से वे सभी के चहेते बने रहे। यहां से आप मधुर स्मृतियां लेकर जाएं।
सहायक कोषालय अधिकारी मोतीराम केमोखरिया ने विदाई अवसर पर कहा कि सेवानिवृत्त होना एक शासकीय प्रक्रिया है, जिससे प्रत्येक शासकीय सेवक को रूबरू होना पडता है। सेवानिवृत्त हो जाने से शासकीय सेवा में बने रिश्ते न टूटते हैं न छूटते हैं। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार प्रकट किया। सहायक कोषालय अधिकारी श्री मोतीराम केमोखरिया ने 39 वर्ष 2 माह 29 दिन तक शासकीय सेवक के रूप में अपनी सेवा दीं।
इस मौके पर जिला कोषालय अधिकारी दिनेश ओझा, सहायक पेंशन अधिकारी सुरेन्द्र जैन, प्रोग्रामर विजय कुमार जैन, एसएन सोनी, योगेन्द्र बरसेना, सौभाग्य चौधरी, विनोद कुमार नंदनवार, प्रेम सिंह, यदुनाथ सिंह नरवरिया, उमेश दुबे सहित कोषालय के समस्त कर्मचारियों ने केमोखरिया का माल्यार्पण कर भावभीनी विदाई दी।