भिण्ड, 08 जुलाई। दंदरौआ धाम में मंगलवार को डॉक्टर हनुमान के दर्शन करने के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की धर्मपत्नी ने दंदरौआधाम पहुंचकर डॉक्टर हनुमान के दर्शन कर पूजा अर्चना करके महामण्डलेश्वर महंत रामदास महाराज से आशीर्वाद लिया। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया भी मौजूद रहे।
महंत रामदास महाराज महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि गुरू पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में एक अत्यंत पावन पर्व माना गया है। यह दिन गुरु और शिष्य के रिश्ते की पवित्रता और उसके महत्व का प्रतीक माना जाता है। गुरू पूर्णिमा के अगले दिन से सावन मास प्रारंभ हो जाता है, जिसका उत्तर भारत में बहुत महत्व है। आषाढ माह की पूर्णिमा तिथि पर महर्षि वेद व्यास का जन्म हुआ था। इसलिए इस तिथि पर गुरु पूर्णिमा के पर्व को मनाया जाता है।
बुधवार और गुरुवार को होगा गुरू पूर्णिमा महोत्सव
दंदरौआ धाम में बुधवार और गुरुवार को गुरू पूर्णिमा महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर शिष्य अपने गुरुओं का पूजन और उनकी वंदन करेंगे। इस अवसर पर रामदास महाराज ने कहा कि गुरू पूर्णिमा गुरू के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। वहीं महर्षि वेद व्यास जी ने वेदों, पुराणों और महाभारत जैसे महान ग्रंथों की रचना की थी।