भिण्ड, 30 अप्रैल। आलमपुर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया है। भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर शा. उमावि परिसर में स्थित प्राचीन रेणुका देवी माता एवं परशुराम मन्दिर पर रामायण पाठ का आयोजन किया गया।
रामायण पाठ पूरा होने और हवन पूजन के पश्चात बुधवार को नगर के प्रमुख मार्गों पर डीजे बैण्ड के साथ भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें ब्राह्मण समाज के वरिष्ठजनों सहित युवा शामिल हुए। शोभायात्रा के नगर भ्रमण के दौरान लोगों ने भगवान परशुराम के चित्र की पूजा अर्चना कर आरती की। शोभायात्रा निकले के दौरान नगर के लोगों ने कई जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा में शामिल लोग हाथों में भगवा ध्वज लिए भगवान परशुराम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। रेणुका देवी माता मन्दिर से शुरू हुई शोभायात्रा नई मस्जिद, बस स्टेण्ड, विजय मंच, तिवारी मोहल्ला, पुरानी नगर पंचायत, देभई चौराहे, खोडन मोहल्ला, छोटी माता मन्दिर, महाजन घटिया, पुरोहित मोहल्ला, चौधरी हाल, छेदी मन्दिर होते हुए हरिहरेश्वर बडी माता मन्दिर पर पहुंची जहां पर शोभायात्रा का समापन हुआ।