सोते समय धारदार हथियार से दिया वारदात को अंजाम
भिण्ड, 15 जून। जिले के मौ थाना क्षेत्र के ग्राम डांग छेंकुरी में घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग दंपत्ति की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना विगत रात्रि की है। बारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच आरंभ कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात हरज्ञान पुत्र मिहीलाल उम्र 60 वर्ष एवं उनकी पत्नी रामश्री उम्र 55 साल निवासी डांग छेंकुरी खाना खाने के बाद रोजाना की तरह अपने घर के बाहर सो गए। सोते समय दोनों धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी गई और आरोपी फरार हो गया। ग्रामीणों ने सुबह उन्हें लहूलुहान देखकर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोहद एसडीओपी सौरभ कुमार एवं मौ थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव मय पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से भी इस मामले के संबंध में चर्चा की। पुलिस इस बात की जानकारी कर रही है कि हत्या किसने की और हत्या की वजह क्या रही। पुलिस को यह पता चला है कि मृतक का एक बेटा मंजेश जाटव शाम को घर पर देखा गया था लेकिन सुबह से वह गायब है। इसलिए शक की सुई मृतक के बेटे की तरफ इंगित कर रही है। पुलिस ने मौका मुआयना कर मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मामले की विवेचना आरंभ कर दी है।