गोहद नगर में कई जगह मिलीं मृत गाय, श्वानों ने नोचा गाय का शव

वीडियो सामने आने के बाद नपा के खिलाफ लोगों का आक्रोश
सीएमओ बोले- हमारे खिलाफ षडय़ंत्र है

भिण्ड, 19 अक्टूबर। बुधवार सुबह तहसील न्यायालय पार्क में गाय के अवशेषों को श्वानों के नोच कर खाने का एक मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में सीएमओ के खिलाफ काफी आक्रोश है। हालांकि जैसे ही वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। न्यायालय के पार्क से गाय के अवशेषों को उठाकर दफना दिया। इस समय लम्पी वायरस का कहर बरपाया हुआ है जगह-जगह मृत गाय मिल रही हैं। जिससे नगर की जनता में नगर पालिका के खिलाफ काफी आक्रोश व्याप्त है।

गाय का शव मिलना एक साजिश

मुख्य नगर पालिका अधिकारी गोहद सतीश कुमार दुबे ने कहा कि नगर पालिका के खिलाफ यह किसी की साजिश है। मृत गाय के ढांचे को बोरी में बंद कर देर रात तहसील पार्क में डाल गया। जिससे नगर पालिका की छवि खराब की जा सके। कुछ लोग जान-बूझकर नगर पालिका में अपने फायदे के लिए इस तरह का काम करके सीएमओ पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने कुछ दिन पहले ही नगर पालिका में 300 से अधिक फर्जी मास्टर कर्मचारियों को निकाल दिया था।
इस पूरी घटना को लेकर क्षेत्रवासियों का कहना है कि लगातार लम्पी वायरस से ग्रस्त गाय की देख-रेख में नगर पालिका कर्मचारियों ने अनदेखी कर रही है।

पहले भी सामने आती रही हैं घटना

कुछ दिन पहले वायरस से मरने वाली गाय के शव नगर पालिका कर्मचारियों बैसली नदी में फेंक दिया था। जिसका वीडियो वायरल हो गया। शिकायत के बाद सीएमओ ने दोनों कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया था।