अटेर महोत्सव के माध्यम से हमारे प्राचीन इतिहास एवं संस्कृति की झलक देखने मिलेगी : सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया

अटेर महोत्सव का भव्य एवं यादगार आयोजन किया जाएगा

भिण्ड, 15 अक्टूबर। प्रदेश के सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में आगामी समय में आयोजित होने वाले अटेर महोत्सव के संबंध में अटेर महोत्सव संयोजक समिति की बैठक जनपद सभागार अटेर में आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, एडीएम प्रवीण फुलपगारे, सीईओ जिला पंचायत जेके जैन, एसडीएम भिण्ड-अटेर उदय सिंह सिकरवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


सहकारिता मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने बैठक में कहा कि बड़े प्रयासों से अटेर महोत्सव को मप्र शासन के कला पंचांग में स्थान मिल गया है, जिसके फलस्वरूप 27-28 नवंबर को अटेर महोत्सव का आयोजन इस वर्ष किया जाएगा। साथ ही यह सिलसिला नियमित जारी रहेगा एवं हर वर्ष अटेर महोत्सव का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि यह उत्सव भव्य होगा, बड़े पैमाने पर होगा, महोत्सव में प्रस्तुति देने देश के नामी कलाकार आएंगे, इसी के साथ स्थानीय कलाकारों द्वारा भी अपनी प्रस्तुति दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि महोत्सव में कई प्रकार के एडवेंचर खेलों का आयोजन भी होगा, महोत्सव में आने वाले सैलानी ऊंट-घोड़े के सवारी का लुत्फ भी उठा सकेंगे, नेचर वॉक, हेरिटेज वॉक आदि भी आयोजित की जाएंगी। महोत्सव में आने वाले सैलानियों को स्थानीय पकवान का जायका चखने को मिलेगा। महोत्सव के दौरान यहां चंबल किनारे सर्व-सुविधा युक्त टेंट हाउस भी बनाए जाएंंगे। सैलानी इनमें रुक कर भिण्ड की मेहमान नवाजी का आनंद ले सकेंगे और चंबल किनारे विभिन्न प्रकार की ऐक्टिविटीज में हिस्सा भी ले सकेंगे। उन्होंने महोत्सव में सुरक्षा संबंधी सभी इंतजामात रहें, इसके संबंध में भी प्रशासन एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने महोत्सव के आयोजन संबंधी विभिन्न जानकारियों एवं वर्तमान तैयारियों से सभी को अवगत कराया।

महोत्सव स्थल का मंत्री ने किया निरीक्षण

सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने आगामी अटेर महोत्सव हेतु अटेर किले के नीचे स्थित मैदान अवलोकन किया। उन्होंने यहां पर स्टेज जनता हेतु बैठने की व्यवस्था, किले की लाइटिंग, पार्किंग व्यवस्था हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।