जिलेभर में हर्ष और सौहार्द से मनाया गया रक्षा बंधन का पर्व

बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, लोगों ने भुजरिया मिलन भी मनाया

भिण्ड, 11 अगस्त। भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का त्योहार रक्षा बंधन का पर्व श्रावण पूर्णिमा गुरुवार को जिलेभर में हर्ष और सौहार्द के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाईयों को तिलक कर उनकी कलाई पर राखी बांधी और भाईयों ने उन्हें उपहार देते हुए रक्षा का वचन दिया।


पौराणिक मान्यताओं के अनुसार माता लक्ष्मी ने राजा बलि को भाई मानते हुए उनकी कलाई पर पहली बार राखी बांधी थी, तभी से रक्षा बंधन त्योहार मनाने की परंपरा निभाई जाती है। इस वर्ष रक्षाबंधन का त्योहार सर्वार्थ सिद्धि और दीर्घायु आयुष्मान के शुभ संयोग में मनाया गया। हिन्दू कैलेण्डर के अनुसार रक्षाबंधन का त्यौहार हर वर्ष श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस दिन बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र यानी राखी बांधी और उनकी लंबी आयु की कामना की। वहीं शाम को गौरी सरोबर पर कुछ लोग भुजरिया विसर्जन करने पहुंचे, तत्पश्चात एक-दूसरे को भुजरिया देकर गले मिले। भिण्ड शहर में भुजरिया विसर्जन का पर्व दो दिवस मनाया जाता है। इसलिए शहर के कुछ लोग शुक्रवार को भुजरिया मिलन समारोह मनाएंगे।

जेल में बंद अपने भाइयों को राखी नहीं बांध सकीं बहनें

भाई-बहन के पावन पर्व रक्षाबंधन पर जेल में बंद कैदियों को हर वर्ष बहनें अपने भाईयों को राखी बांधने जेल मेन्युअल के तहत जेल परिसर में उपस्थित होकर अपने भाईयों को रक्षाबंधन का सूत्र धागा भाईयों की कलाई पर बांधकर प्रेम भाईचारे का प्रतीक रही। मगर इस वर्ष शासन आदेशानुसार जेल में बंद कैदी भाईयों की कलाई पर राखी बांधने की इजाजत नहीं मिल सकी।
यहां बता दें कि जेल मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति क्र.292/2022, ग्वालियर नौ अगस्त 2022 के पालन में अधीक्षक केन्द्रीय जेल ग्वालियर की ओर से जारी आदेश के तहत केन्द्रीय जेल ग्वालियर एवं सर्किल के अंतर्गत आने वाली जिला जेल दतिया, मरैना तथा उप जेल विजयपुर, अम्बाह, जौरा, सबलगढ़, मेहगांव, लहार, गोहद, डबरा, सेवढ़ा में रक्षाबंधन के त्योहार पर बंदियों के परिजनों को दी जाने वाली मुलाकात सुविधा प्रतिबंधित रही। इस वजह से बहनें जेल में बंद अपने भाइयों को राखी नहीं बांध सकीं।

गृहमंत्री ने हटाई रोक, जेलों में आज बंधेगी राखी

रक्षा बंधन पर जेल में बंद कैदियों को राखी बांधने पर जेल प्रशासन द्वारा लगाई गई रोक प्रदेश के गृह एवं जेल मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने हटाए जाने का ऐलान किया है। जेल प्रशासन का राखी बांधे जाने पर रोक का फरमान जब उनके संज्ञान में आया तो उन्होंने जेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो बहनें जेल में बंद कैदी भाइयों को गुरुवार को राखी नहीं बांध पाईं वे शुक्रवार को संबंधित जेल परिसर पहुंचकर राखियां बांध सकेंगी।

कान्यकुब्ज ब्राह्मण महासभा का श्रावणी मिलन कार्यक्रम आज

कान्यकुब्ज ब्राह्मण महासभा ट्रस्ट भिण्ड द्वारा 12 अगस्त शुक्रवार को गीता भवन परिसर भिण्ड में श्रावणी मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रेस को जानकारी देते हुए कान्यकुब्ज ब्राह्मण महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष ओपी शुक्ला बताया कि 12 अगस्त को गीता भवन परिसर भिण्ड में दोपहर तीन बजे श्रावणी मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें नगर के वरिष्ठ एवं सम्माननीय पंडित, पुजारी तथा संत विभूतियों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लहार एसडीएम आरए प्रजापति मौजूद रहेंगे। शुक्ला ने कान्यकुब्ज ब्राह्मण महासभा के सदस्यों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।