सेवाकाल पूर्ण होने पर प्रधानाध्यापक परिहार का विदाई समारोह आयोजित

मिहोना, 28 जुलाई। रौन ब्लॉक के अंतर्गत शाप्रावि ग्राम गुढ़ा के प्रभारी प्रधानाचार्य तिलक सिंह परिहार के सेवाकाल पूर्ण होने पर रविवार को उन्हें भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार हरिबाबू निराला उपस्थित रहे। इस अवसर पर परिहार को शॉल, श्रीफल एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि निराला ने रिटायर्ड प्रधानाध्यापक परिहार के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला एवं उनके कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सेवाकाल पूर्ण होने के बाद भी व्यक्ति को हमेशा सामाजिक तथा राष्ट्रीय कार्यों में सक्रिय रहना चाहिए और समाज में व्याप्त कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरुक करते रहना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन सहायक शिक्षक हरविलास प्रजापति एवं अंत में आभार प्रदर्शन सहायक शिक्षिका दीप्ती घाघोरिया ने किया। कार्यक्रम में सतेन्द्र सिंह चौहान, सीएसी संतोष याज्ञिक, रमाकांत श्रीवास्तव, प्रमोद कुशवाह, शिक्षक फतेहबहादुर सिंह, कृष्णकांत शाक्य, पंकज गुप्ता, नरेद्र सिंह जादौन इमलाहा, हीरासिंह कुशवाह, कमल सिंह कुशवाह, रामसिंह भकोटी, कल्याण सिंह राजावत गुढ़ा, रामसेवक गुप्ता गुढ़ा, शिक्षक राजेन्द्र सिंह चौहान पड़ोहनपुरा आदि उपस्थित थे।