पौधे लगाना ही प्रकृति व मानवता की बड़ी सेवा : विधायक संजीव सिंह

भिण्ड, 28 जुलाई। प्रदेश व्यापी पौधारोपण महाअभियान एवं हरियाली महोत्सव अंतर्गत शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक एवं दो भिण्ड के परिसर में क्षेत्रीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, सीईओ जिला पंचायत जेके जैन ने पौधारोपण किया।
विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने प्रदेश व्यापी पौधारोपण महाअभियान के अवसर पर कहा कि हरियाली महोत्सव वर्तमान पीढिय़ों के जीवन बल्कि भावी पीढ़ी के जीवन को बनाए रखने और भविष्य सुरक्षा के लिए पेड़ों के महत्व के बारे में जागरुकता पैदा करता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मानवता की इससे बड़ी कोई सेवा नहीं हो सकती है कि अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं। वर्तमान में किए गए पौधारोपण का लाभ आने वाली पीढिय़ों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि आंखों के सामने नन्हे-नन्हे पौधों को बढ़ते देखना एक जीवन को आगे बढ़ाने जैसा आनंद देता है, यानि कि एक ऐसा जीवन जो बदले में कई लोगों की जिंदगी सुरक्षित बनाता है। इसलिए जिले के सभी नागरिकों से अपील है कि हर वर्ष कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि प्रकृति और ऋतु चक्र का संतुलन बनाए रखने के लिए, वन्यजीवों को संरक्षित करने के लिए, पर्यावरण शुद्धिकरण के लिए, वर्षा के लिए, वनों का अस्तित्व बहुत ही आवश्यक है। इसलिए पौधा जरूर लगाएं और सभी पौधों को तब तक संरक्षित और पोषित किया जाए, जब तक कि वे आत्मनिर्भर होकर पोषण प्राप्त करने योग्य नहीं हो जाते।
पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि वन प्रकृति का अनुपम उपहार है, जो प्राणवायु ऑक्सीजन तो देता है, साथ ही अनेक उपयोगी औषधियों का भण्डार है। पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने और इस धरती को ईको सिस्टम से जुड़ी विभिन्न सेवाएं प्रदान करने में वन, हरियाली की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से देशभर में हरियाली महोत्सव मनाया जाता है।