चुनावी रंजिश के चलते महिला उप सरपंच को गोली मारी

मौ थाना क्षेत्र के बमरौली की घटना, चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

भिण्ड, 25 जुलाई। मौ थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बमरौली में नवनिवार्चित महिला उप सरपंच को गोली मारने का मामला प्रकाश में आया है। गांव के ही कुछ लोगों ने एकराय होकर उसके घर में घुसकर अधिया से गोली मार दी। घटना रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई गई है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना आरंभ कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रामादेवी उम्र 35 साल, पत्नी मनोज यादव निवासी ग्राम बमरौली विगत दिवस ग्राम पंचायत की उप सरपंच चुनी गई थीं। उसी रंजिश को लेकर गांव बमरौली निवासी नारायण यादव, राजबहादुर एवं प्रमोद यादव एकराय होकर रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे उसके घर पहुंचे और घर में घुसकर देशी अधिया से महिला को गोली मार दी। गोली उसकी पीठ में लगी बताई गई है। हालत गंभीर देख प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे ग्वालियर के लिए रैफर कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जमीनी विवाद के चलते महिला को गोली मारी गई है। पुलिस ने उक्त तीनों आरोपियों के विरुद्ध देहाती नालसी पर धारा 307, 294, 506, 34 भादवि के तहत अपराध क्र.218/ 22 पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश आरंभ कर दी है।