बारिश के मौसम में खेत पड़े सूखे, सड़कों पर उड़ रही धूल

उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल, मौसम की बेरूखी से लोग चिंतित

भिण्ड, 08 जुलाई। भीषण गर्मी के बाद मानसून अपने तय समय अनुसार दस्तक देकर लगभग समूचे मप्र में सक्रिय हो चुका है और प्रदेश के कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश हो रही है। यही नहीं मौसम विभाग द्वारा मप्र के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की निरंतर चेतावनी दी जा रही है। लेकिन भिण्ड जिले के आलमपुर क्षेत्र के लोग मौसम की बेरूखी से हैरान है। बारिश के अभाव में आलमपुर क्षेत्र में किसानों के खेत सूखे पड़े हुए हैं। और सड़कों पर धूल उड़ रही है।
आलमपुर क्षेत्र एक तरह से धान का कटोरा के रूप में विख्यात हो चुका है और आलमपुर क्षेत्र के अधिकांश किसान धान की फसल करते हैं। धान के लिए खेत एवं पौध तैयार करने के उपरांत किसान बारिश होने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन आलमपुर क्षेत्र में पानी ने बरसने से किसान ङ्क्षचतित हैं। धान की फसल के लिए इस समय बारिश के पानी की सबसे अधिक आवश्यकता है। बिजली कटौती के कारण धान की पौध लगाने के लिए खेत भरना संभव नहीं है। ऐसे में किसानों को वर्षा का इंतजार है। वर्षा में देरी होने के चलते धान की पौध लगाने का कार्य प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र के कुछ किसानों ने अपने निजी संसाधनों से खेतों में पानी भरकर धान की पौध लगवा तो ली हैं मगर तेज धूप के कारण पानी गर्म हो रहा है और खेतों में भरा पानी सूख जाता है। जिससे धान पनप नहीं पा रही है। पिछले दिनों हुई हल्की बारिश के पश्चात समूचा आलमपुर क्षेत्र उमस भरी गर्मी से बेहाल है। तेज धूप में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों को गर्मी से न दिन में राहत मिल पा रही और न ही रात में चैन मिल रहा है। लोगों का कहना है कि पहले जुलाई महीने से पूर्व झमाझम बारिश होती थी। किन्तु इस बार तो जुलाई महीने का एक सप्ताह भी गुजर चुका फिर भी खेत, ताल, तलैया सभी सूखे पड़े हैं। मौसम की बेरूखी से किसानों के साथ साथ आमजन चिंतित है।