लालसिंह और रणवीर कराएंगे भाजपा को चुनाव की बैतरणी पार

भिण्ड, 05 जुलाई। नगर पालिका चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे ही राजनैतिक दल ताकत झोंकने में लग गए हैं। गोहद भाजपा नगर मण्डल द्वारा कामकाजी कार्यकर्ताओं की बैठक भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य के मुख्य आतिथ्य, मप्र हस्तकरघा निगम अध्यक्ष रणवीर जाटव के विशिष्ट आतिथ्य एवं गोहद नगर पालिका चुनाव प्रभारी बीरेन्द्र जैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। मंच पर गब्बर सिंह गुर्जर, अविनाश भटेले, महेश श्रीवास्तव, नरेन्द्र श्रीवास्तव, ब्रजकिशोर भटेले, सुरेश बोहरे, भगवान सिंह बघेल, विवेक जैन, धर्मेन्द्र गुर्जर, श्रीमती मीना जाटव, उमा राठौर, सुमन गुप्ता, मीना जाटव, बच्चूलाल शर्मा आदि उपस्थित थे।
आदर्श वाटिका नया बस स्टैण्ड पर आयोजित कामकाजी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए लालसिंह आर्य ने कहा कि जिस पार्टी से हमे पहचान मिली, ओहदा मिला, आज हम उसे ही भूल जाएं, ये कैसा न्याय है। पार्टी से व्यक्ति है, न कि व्यक्ति से पार्टी, पार्टी को हमने मां माना है और हम मां को हारते हुए कैसे देख सकते हैं। अभी हमारे पास महत्वपूर्ण पांच दिन का समय है, अगर हम सब लोग एक साथ लग जाएंगे तो परिषद हमारी होगी और हम अध्यक्ष बना सकते हैं। गोहद में विकास को गति देने के लिए परिषद पर काबिज होना आवश्यक है, क्योंकि केन्द्र व प्रदेश के खजाने की चाबी हमारे पास है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता की नाराजगी हो सकती है, पार्टी नहीं इसलिए हमें आपसी मतभेद भूलकर पार्टी के लिए कार्य करना है।
केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रणवीर जाटव ने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा कोई राजनीतिक दल है, तो वो है भाजपा। जब मैं कांग्रेस में था, तो मैं सुनता था कि भाजपा कार्यकर्ता नाराज तो होता है, लेकिन पार्टी के हित की बात आते है एक हो जाते है, पार्टी के कार्यकर्ताओं की एकजुटता के कारण ही भाजपा की केन्द्र व कई राज्यों में सरकार है। उल्लेखनीय है कि भाजपा कार्यकर्ताओं में जान फूंकने के लिए लालसिंह आर्य व रणवीर जाटव संजीवनी बनकर आए हैं, अब वो एक और एक दो नहीं, अपितु एक और एक 11 हैं। दोनों नेताओं ने वार्ड के प्रत्याशियों से वन-टू-वन चर्चा भी की। यहाँ प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी परेशानियों से अवगत कराते हुए सहयोग की अपील की।