नशा परिवार एवं समाज के विघटन का प्रमुख कारक होता है : शैलेष

वृक्ष बचाओ और मतदाता जागरूकता रैली आयोजित

भिण्ड, 26 जून। हम फाउण्डेशन सिटी शाखा एवं विवेकानंद शाखा के तत्वावधान में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस वृक्ष बचाओ तथा मतदाता जागरुकता रैली का आयोजन हेवतपुरा से किया गया। इस अवसर पर हम फाउण्डेशन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, जिला अध्यक्ष शैलेश सक्सेना, शाखा अध्यक्ष अरविंद सिंह भदौरिया, सचिव योगेश शर्मा, शिवम श्रीवास्तव विकास कुशवाह, तरुण शर्मा सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शैलेश सक्सेना ने कहा कि नशा का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, इसके सेवन करने से व्यक्ति कई गंभीर बीमारियों का शिकार होता जा रहा है, साथ ही नशा परिवार एवं समाज के विघटन का प्रमुख कारक बनता जा रहा है। उन्होंने लोगों से नशा का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी नशा से दूर रहने हेतु प्रेरित करने को कहा। अरविंद सिंह भदौरिया ने पर्यावरण को बचाने हेतु लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़ हमारे जीवन के लिए ऑक्सीजन पैदा करते हैं, बरसात और भोजन के लिए उत्तरदायी होते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का प्रदूषण एक विकट समस्या है उद्योगों, नगरों आदि के विस्तार हेतु वनों को उजाडऩा इसका एक कारण है। उन्होंने कहा कि हम लोगों को ज्यादा से ज्यादा मात्रा में पेड़ लगाना चाहिए और प्रकृति को हरा भरा करना चाहिए।
प्रो. इकबाल अली ने कहा कि लोकतांत्रिक कथा चुनावी प्रक्रिया में मतदाता की भागीदारी किसी भी लोकतंत्र को सफलता पूर्वक चलाने का अभिन्न हिस्सा होती है, इसलिए मतदाता जागरूकता चुनाव प्रबंधन में खास महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक वयस्क भारतीयों को उसके लिंग, औपचारिक शिक्षा, सामाजिक, आर्थिक स्थिति या जगह पर विचार किए बिना मत देने का अधिकार देता है और हर मत का मूल्य एक समान है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति, वृक्ष लगाओ तथा मतदान करने का संकल्प दिलाया गया।