दशहरा हमारे सामाजिक संस्था भाव को जागृत करता है : विधायक कुशवाह

– विजयदशमी महोत्सव में रावण, मेघनाथ एवं कुभकरण के पुतले हुए दहन
– विधायक नरेन्द्र सिंह ने राम दरबार की आरती उतार कर किया शमी पूजन

भिण्ड, 03 सितम्बर। विजयदशमी दशहरा महोत्सव के अवसर पर शा. एमजेएस महाविद्यालय स्टेडियम परिसर भिण्ड में रावण, कुंभकरण, मेघनाथ के पुतले दहन किए गए। इससे पूर्व रामलीला के कलाकारों द्वारा रावण वध की लीला का प्रसंग दिखाया गया। राम रावण का युद्ध हुआ और भगवान श्री राम ने विभीषण के बताने पर लंकापति रावण की नाभि में एक साथ अनेक बाण मार कर उसका अंत कर दिया और लंका पर विजय प्राप्त की।
रामलीला देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग स्टेडियम पहुंचे। जहां विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील बाल्मिक एवं समाज सेविका सुशीला नरवरिया, एडीएम एलके पांडे, तहसीलदार एवं नगर पालिका प्रभारी ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की आरती उतार कर माल्यार्पण किया।

विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने भगवान राम, लक्ष्मण एवं अतिथियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पूजन कर कहा कि दशहरा हमारे भारतीय हिंदुओं का एक महत्वपूर्ण उत्सव है, जो की सामाजिकता का भाव लोगों में जागृत करता है। विधायक ने कहा कि इस बार का दशहरा महोत्सव संपूर्ण रूप से स्वदेशी थीम पर आयोजित किया गया, इसमें सभी काम और व्यवस्थाएं स्वदेशी ही, देखने को मिलीं। सबसे बड़े रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले के दहन के साथ आतिशबाजी का प्रदर्शन हुआ। रामलीला में कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
रावण दहन के बाद लोहे का ढांचा चोरी
भिण्ड शहर में विजयादशमी को रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद दहन के बाद शुक्रवार की सुबह पुतलों के लोहे के ढांचे चोरी हो गए। नगर पालिका की ओर से रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले बनवाए गए थे। इन पुतलों पर करीब तीन लाख रुपए खर्च किए गए थे। पुतलों के ढांचे गर्म होने की वजह से ठेकेदार सोनू चौहान उसे वहीं छोड़कर घर लौट गया। सुबह करीब 5 बजे कुछ लोग ढांचे को काटकर ले गए। ठेकेदार को जब सुबह इसकी जानकारी लगी तो वह मौके पर पहुंचा। चौहान ने कहा कि इस मामले की जानकारी पुलिस को दी जाएगी और कार्रवाई की मांग की जाएगी।