कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्वदेशी वस्तुओं का प्रचार-प्रसार करें : शर्मा

– इंपीरियल होटल में आत्म निर्भर भारत संकल्प अभियान की कार्यशाला संपन्न

भिण्ड, 24 सितम्बर। भारतीय जनता पार्टी केन्द्र एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर चलाए जा रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के निमित्त स्वदेशी अभियान को हर समाज तक पहुंचने के लक्ष्य का संकल्प लेकर इंपीरियल होटल परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता वेदप्रकाश शर्मा ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और उन्होंने स्वदेशी के प्रति जागरुक करते हुए कहा कि स्वदेशी का अर्थ है- अपने देश का अथवा अपने देश में निर्मित, वृहद अर्थ में किसी भौगोलिक क्षेत्र में जन्मी, निर्मित या कल्पित वस्तुओं, नीतियों, विचारों को स्वदेशी कहते हैं। वर्ष 1905 के बंग-भंग विरोधी जनजागरण से स्वदेशी आन्दोलन को बहुत बल मिला, यह 1911 तक चला और गांधी जी के भारत में पदार्पण के पूर्व सभी सफल अंदोलनों में से एक था। अरविन्द घोष, रवीन्द्रनाथ ठाकुर, विनायक दामोदर सावरकर, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और लाला लाजपत राय स्वदेशी आंदोलन के मुख्य उद्घोषक थे। आगे चलकर यही स्वदेशी आंदोलन महात्मा गांधी के स्वतंत्रता आंदोलन का भी केन्द्र-बिन्दु बन गया। उन्होंने इसे स्वराज की आत्मा कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के स्वदेशी अभियान को हम हर व्यापारियों के प्रतिष्ठानों एवं घर-घर जाकर स्वदेशी वस्तुओं का प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरुक करें, ताकि हमारे भारत में बनने वाली कई वस्तुओं की खरीद भी हो सके और समाज को भी हम जागरुक करें।
सांसद संध्या राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वदेशी वस्तुओं को अधिक से अधिक हमें लोगों को खरीदवाकर भारत को आत्मनिर्भर का संकल्प लेकर हमें घर-घर पहुंचना है। उन्होंने कहा कि हमें यह समझना होगा कि देश में जो भी विकास अभी तक हुआ है, वह वास्तव में स्वदेशी के आधार पर ही हुआ है। कुल पूंजी निवेश में विदेशी पूंजी का हिस्सा 2 प्रतिशत से भी कम है और वह भी गैर जरूरी क्षेत्रों में विदेशी पूंजी निवेश जाता है।
भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए कहा कि आज चिकित्सा के क्षेत्र में भारत दुनिया का सिरमौर देश बन चुका है इसके लिए जिम्मेदार विदेशी पूंजी नहीं, बल्कि भारतीय डाक्टरों की उत्कृष्टता है। आज अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केन्द्र जो पूरी तरह से भारतीय प्रौद्योगिकी के आधार पर विकसित हुआ है, ने दुनिया में अपनी कामयाबी के झण्डे गाड़ दिये हैं।
विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि आज दुनिया के जाने-माने देश भी अपने अंतरिक्ष यानों को अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित करने के लिए भारतीय पीएसएलवी का सहारा लेते हैं। सामरिक क्षेत्र में आणविक विस्फोट कर भारत पहले ही दुनिया को अचंभित कर चुका है। उधर अग्नि प्रक्षेपपास्त्र का निर्माण हमारे दुश्मनों को दहला रहा है। दुनियाभर में भारत के वैज्ञानिकों, डॉक्टरों और इंजीनियरों ने अपनी धाक जमा रखी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वेदप्रकाश शर्मा एवं मंचासीन अतिथियों ने भारत माता एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय तथा डॉ. श्यामप्रसाद मुखर्जी के छायाचित्रों पर दीप प्रज्जवलित एवं माल्यार्पण करते हुए किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक मनोज अनंत ने किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह कुशवाह एडवोकेट, केशव सिंह भदौरिया, मप्र खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष कोकसिंह नरवरिया, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मायाराम शर्मा एडवोकेट, डॉ. रमेश दुबे, कृष्णकांता तोमर, संजीव कांकर, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा राजे एवं पार्टी के समस्त कार्यकर्ता एवं इंजीनियर, डॉक्टर, शिक्षक एवं समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद थे।