सबसे बड़ी है नौ की संख्या : शंकराचार्य

– अमन आश्रम परा में कलश यात्रा के साथ शुरू हुई श्रीराम कथा

भिण्ड, 22 सितम्बर। अमन आश्रम ग्राम परा में नवरात्रि के अवसर पर श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर सैकड़ों महिलाओं एवं कन्याओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा क्वारी नदी से प्रारंभ होकर शा. हाईस्कूल के सामने स्थित अमन आश्रम में पहुंची। जहां शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ जी महाराज श्रोताओं को श्रीराम कथा का रसपान कराया। कथा से पहले भक्तों द्वारा पूजन अर्चन किया गया और उसके उपरांत आरती हुई।

इस अवसर पर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ महाराज ने प्रवचन में कहा कि देवी भगवती बिना कुछ खाए पिए नौ दिन तक लगातार दुष्टों और दानवों का संहार करती रहीं। नौ की संख्या सबसे बड़ी है, उसके पहाड़े के अंकों का योग भी नौ ही आता है। उन्होंने श्रीराम कथा का वर्णन भी किया।
नारायण सेवा समिति के सदस्यों ने धर्मप्रेमियों से अमन आश्रम पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य महाराज के श्रीमुख से श्रीराम कथा का श्रवण कर मनुष्य का जीवन धन्य हो जाता है। शंकराचार्य जी विशुद्ध कथा का वाचन करते हैं जो मानव जीवन के लिए कल्याणकारी है। कथा के बाद सभी भक्तों को भण्डारा दिया गया।