– जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जन जागरुकता कार्यक्रम जारी
ग्वालियर, 20 जून। जिले में जन-जन तक जल संरक्षण का संदेश पहुंचाने के लिए जन जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस क्रम में जन अभियान परिषद से जुडे सफल युवा मण्डल द्वारा शुक्रवार को जागरुकता रैली निकाली गई। साथ ही चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मौजूद युवाओं से कहा गया कि जल के संरक्षण के लिए युवा पीढी आगे आए। यदि गांव से ही जल बचाने की संस्कृति विकसित हुई तो हमारा भविष्य पानी को लेकर निश्चित ही सुरक्षित रहेगा। पानी सहेजने के लिये सिर्फ एक दिन की गतिविधि पर्याप्त नहीं है। इसे जन आंदोलन का रूप देना होगा।
इस अवसर पर जागरुकता रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं ने जल संरक्षण के नारों के साथ गांव भ्रमण किया। चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने जल के महत्व और संकट पर प्रेरणादाई प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता के प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र, पुरस्कार, प्रदान किए गए। इस आयोजन में ग्रामीणजन, शिक्षक, विद्यार्थी व पंचायत प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने जल संरक्षण का संकल्प लिया और अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही। कार्यक्रम में उमेश वशिष्ठ, राजेश कुशवाहा, मोनू कुशवाह, आशीष त्रिपाठी, चमन, गोलू, अमन व बलराम सहित कई युवा कार्यकर्ताओं ने उपस्थिति दर्ज कराकर आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम का संचालन सफल युवा मण्डल के अध्यक्ष अरविन्द कुशवाहा ने किया।