गोरमी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाल्मीक समाज के साथ मनाई महर्षि बाल्मीकि जयंती
भिण्ड, 20 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी मण्डल गोरमी द्वारा बुधवार को महर्षि बाल्मीकि जयंती के अवसर पर नगर के वार्ड क्र.चार स्थित अयोध्या बस्ती के सामुदायिक भवन में वाल्मीकि जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मण्डल अध्यक्ष दलवीर सिंह तोमर एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष सुभाष थापक ने की। कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी कार्यकर्ताओं ने आदि ऋषि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर पुष्प एवं माला पहनाकर पूजा अर्चना की।
बाल्मीकि समाज के भाइयों के बीच मुख्य अतिथि पूर्व मण्डल अध्यक्ष दलवीर सिंह तोमर ने कहा कि आदि ऋषि बाल्मीकि सामाजिक समरसता के जनक थे, आज देश में हर समाज उन्हें अपना पूर्वज मानता है, ब्राह्मण समाज उन्हें ऋषि पुत्र मानता है, तो वन क्षेत्र में मान्यता है कि वे भील वनवासी समाज में जन्मे हैं, इस प्रकार हम कह सकते हैं कि वो सर्वसमाज के जनक थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारतीय जनता पार्टी के मण्डल अध्यक्ष सुभाष थापक ने कहा कि आज हम ऐसे राष्ट्र ऋषि की जयंती मना रहे हैं जिसने हमें रामायण जैसा महाकाव्य दिया, जो हमें जीवन जीने की कला सिखाता है। आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जहां बाल्मीकि जयंती पर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए हैं एवं आज का अवकाश भी रखा है, इसके लिए हम प्रदेश सरकार के मुखिया को धन्यवाद देते हैं। महर्षि बाल्मीकि जी की मान्यता भारत के लगभग सभी समाज जनों में है, वे संसार के आदि कवि हैं, वे भारत में सामाजिक एकत्र और समरसता के प्रतीक है, उन्होंने अपने व्यक्तित्व और अपने कृतित्व से संपूर्ण समाज और भूभाग को एक सूत्र में पिरोया, वे सबके लिए आदर्श थे।
कार्यक्रम का संचालन मण्डल महामंत्री निर्मला आर्य एवं अंत में आभार युवामोर्चा के मंडल अध्यक्ष नीरज यादव ने प्रकट किया। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित जनों को मिष्ठान वितरण किया गया। इस मौके पर निर्मल आर्य, दिनेश यादव, नीरज यादव, मुकेश भदौरिया, अरविंद जैन, संतीश बाल्मीकि, मुकेश बाल्मीकि, शिशुपाल बाल्मीकि, सुरेन्द्र बाल्मीकि, तुलसी बाल्मीकि आदि उपस्थित थे।
मौ में भाजपा ने मनाई महर्षि बाल्मीक की जयंती
मौ। रामायण के रचयिता आदि कवि महर्षि बाल्मीकि जी की जयंती बुधवार को भाजपा मण्डल अध्यक्ष गोपाल सिंह कुशवाह, पूर्व नप अध्यक्ष मर्याद सिंह यादव, वीरेन्द्र सिंह फौजी, धर्मेन्द्र यादव बाबा, इकबाल पठान, संजीव यादव, इरशाद पठान, जागेश यादव, जगदीश राठौर, दिनेश राठौर, नारायण सिंह बाल्मीकि, औतार सिंह सफाई दरोगा सहित कई उनके अनुयाइयों द्वारा आधा दर्जन से भी अधिक अलग अलग स्थानों पर महर्षि बाल्मीकि जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी जयंती मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सभी देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।