भिण्ड, 17 नवम्बर। भिण्ड जिले में विधानसभा चुनाव के मतदान दिवस पर राजनेताओं एवं अधिकारियों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां जिला पंचायत भिण्ड में बनाए गए पिंक मतदान केन्द्र पर सुबह कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव सपत्नीक पहुंचे और मतदान किया। साथ ही जिला पंचायत सीईओ मनोज कुमार सरियाम ने भी मतदान किया।
वहीं लहार विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी एवं मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने अपने गृह गांव बैशपुरा पहुंचकर मतदान केन्द्र क्र.157 पर अपना बोट डाला। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता का मैं आभार व्यक्त करता हूं। प्रदेश में इस बार कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से बनने जा रही है।
इधर भिण्ड विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी चौ. राकेश सिंह चतुर्वेदी ने अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचकर बोट डाला। उधर गोहद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने अपने परिवार के साथ मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मतदान किया।