गोहद नगर पालिका प्रशासन चुने हुए प्रतिनिधियों को तबज्जो ही नहीं दे रहा : शैलेन्द्र गुर्जर

भिण्ड, 12 जून। गोहद नगर पालिका परिषद में कद्दावर पार्षद शैलेन्द्र-दशरथ सिंह गुर्जर ने पत्रकार वार्ता में कहा कि गोहद नगर पालिका सीएमओ सुरेन्द्र शर्मा सत्ताधारी दल के इशारे पर कार्य रहे हैं, वो कांग्रेस पार्टी की नगर पालिका में चुने हुए पार्षदों की समस्या का निराकरण न कर मनमानी पर उतारू हैं, अगर तीन दिन में पत्रों का जवाब नहीं मिला तो हम धरने पर बैठेंगे। हमने गांधीजी के साथ भगत सिंह का भी पाठ पढ़ा है।
गोहद नगर पालिका परिषद कांग्रेस शासित है, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस के पार्षद ही सबसे ज्यादा परेशान हैं, इसी के चलते गोहद नगर पालिका वार्ड क्र.13 से कांग्रेस पार्टी के पार्षद शैलेन्द्र-दशरथ सिंह गुर्जर ने अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि गोहद नगर पालिका प्रशासन चुने हुए प्रतिनिधियों को तबज्जो ही नहीं दे रहा है। गोहद नगर पालिका द्वारा पेयजल परिवहन ठेका द्वारा किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन वार्ड पार्षद से टेंकर वितरण को प्रमाणित कराकर नोडल अधिकारी को अवगत कराना है, लेकिन पार्षद से संपर्क ही नहीं किया जा रहा और ना ही कार्यालय से जानकारी दी जा रही है। गोहद नगर पालिका द्वारा नालों की सफाई के लिए कर्मचारियों की भर्ती की गई है, लेकिन प्रशासन यह नहीं बता पा रहा कि कितने कर्मचारियों की भर्ती हुई और कितने नाले साफ हुए। नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव से हुई शिकायत के फलस्वरूप गोहद नगर पालिका से करीब दो सैकड़ा से अधिक मस्टर कर्मचारियों को हटाया गया, फिर किस नियम के आधार पर सफाई कर्मचारियों की भर्ती हुई। गोहद फिल्टर प्लांट पर सबसे अधिक व्यय नगर पालिका द्वारा किया जा रहा है, जिसमें सर्वाधिक व्यय दो लाख रुपए डीजल प्रतिमाह पर किया जा रहा है। वहीं बिजली का बिल भी आ रहा है, फिर यह डीजल खर्च कहा हो रहा है। गोहद नगर पालिका द्वारा पांच लाख रुपए तक के भुगतान की जानकारी भी मांगी गई, नगर पालिका क्षेत्र में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है।
गोहद नगर पालिका के पार्षद शैलेन्द्र-दशरथ सिंह गुर्जर ने कहा कि जनता को पेयजल उपलब्ध कराना प्रथम कर्तव्य है, लेकिन गोहद की जनता को गंदा दूषित बदबूदार पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। नलों द्वारा बमुश्किल 20 मिनट पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। जनता हम लोगों को गाली दे रही है। कांग्रेस शासित नगर पालिका जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना चाहती है, लेकिन भाजपा के इशारे पर कार्य कर रहे सीएमओ परिषद को बदनाम कर रहे हैं, हमारे द्वारा समय-समय पर पत्र द्वारा लिखित में मांगी गई जानकारी का जवाब नहीं दे रहे हैं। अगर तीन दिन में जवाब नहीं मिला तो हम चरणबद्ध आंदोलन कर धरने पर बैठेंगे। पत्रकार वार्ता मुन्नीलाल भटेले, कमल गुप्ता, आदित्य यादव, जितेन्द्र प्रजापति उपस्थित थे।