एक महीने में 240 गांव, 96 पंचायतों में पहुंचेगी भाजपा की लहार विजय संकल्प पद यात्रा
भिण्ड, 31 मार्च। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रोमेश महंत ने शुक्रवार को लहार विजय संकल्प यात्रा के दौरान दबोह के स्थानीय विश्राम गृह पर पत्रकार वार्ता आयोजित की। जिसमें उन्होंने लहार क्षेत्र में 32 साल से जमी कांग्रेस की सरकार को खत्म करने की बात कही। साथ ही उन्होंने विकास यात्रा के दौरान मिल रहे भारी जन समर्थन की बात कही।
दरअसल भाजपा नेता रोमेश महंत प्रदेश में कार्यसमिति सदस्य हैं और वह लहार विजय संकल्प पद यात्रा निकला रहे हैं। महंत की इस पदयात्रा का शंखनाद 25 मार्च को सुबह 11 बजे आलमपुर स्तिथ देवी अहिल्याबाई की छतरी से हुआ। जहां पर यात्रा प्रारंभ करते हुए आलमपुर के वार्डों से होते हुए गांवों में जा पहुंची। यात्रा का विश्राम आलमपुर में हुआ।
रोमेश महंत ने बताया कि उनकी यह पदयात्रा एक दिन में 20 किमी पैदल चलकर रोजाना पांच से सात गांव की पदयात्रा करती है। इस पदयात्रा का एक माह में 240 गांव, 96 पंचायतों में जाना तय है। जिसका समापन 25 अप्रैल को मिहोना के बालाजी मन्दिर पर किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लहार विजय संकल्प यात्रा का मकसद 32 साल से जमी लहार में कांग्रेस का कुशासन खत्म करना है। उन्होंने कहा कि लहार क्षेत्र की जनता लगातार 32 साल से कांग्रेस के कुसाशन से परेशान है और अब आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा लहार से कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का काम करेगी। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के टिकिट को लेकर कहा कि मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और पार्टी जो भी निर्णय लेगी मैं उसका सम्मान करूंगा। उन्होंने कहा कि टिकिट किसे मिलता है किसे नहीं यह अभी कन्फर्म नहीं है, परंतु लहार से जिताना भाजपा को है। यह इस लहार विकास संकल्प यात्रा का उद्देश्य है। वहीं उन्होंने भाजपा की गुटबाजी को लेकर कहा कि लहार भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है, यह सब कांग्रेस का फैलाया भ्रम है।
लहार विजय संकल्प यात्रा के दौरान रोमेश महंत गांव-गांव, घर-घर जाकर आमजनता को मोदी जी और शिवराज सिंह की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही मप्र सरकार की लाड़ली बहना योजना के लिए गांव में महिलाओं के फार्म कैसे भरे जाएंगे, किस तरह माता-बहिनों को योजना का लाभ मिलेगा आदि भी लोगों को बताने का कार्य कर रहे हैं। साथ ही गांव व गांव के लोगों की समस्या को भी वह जान रहे हैं और कुछ समस्याओं का निराकरण भी मौके पर तत्काल करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लहार विजय संकल्प यात्रा के दौरान नए लोगों को भाजपा से जोडऩा यात्रा का मकसद है, हालांकि अभी सात दिवस हुए हैं, जिस दौरान भी कांग्रेस के काफी लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। फिलहाल तो जैसे-जैसे यह यात्रा आगे बढ़ेगी लोग जुड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मेरे संपर्क में कांग्रेस के कुछ ऐसे लोग और भी हैं जो भाजपा की सदस्यता लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के दौरान उन्होंने आलमपुर में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, साथ ही यात्रा के दौरान जहां भी महापुरुषों व शहीदों की प्रतिमाएं मिल रही हैं उन्हें माल्यार्पण कर नमन कर रहा हूं। इसी के साथ उन्होंने पदयात्रा में दिन-रात मेहनत कर साथ चल रहे कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया।