भारत तिब्बत सहयोग मंच ने शिव बारात की भव्य महाआरती की

कैलाश मानसरोवर की मुक्ति का दिलाने का लिया संकल्प

भिण्ड, 19 फरवरी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भिण्ड नगर में भोलेनाथ की बारात का भव्य स्वागत महाआरती कार्यक्रम स्थानीय परेड चौराहे पर भारत तिब्बत सहयोग मंच युवा विभाग के राष्ट्रीय महामंत्री अर्पित मुदगल के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर नगर भर में हजारों बाराती शिवशंकर भोलेनाथ की बारात में शामिल रहे, जिन्होंने देवों के देव महादेव के निवास स्थान कैलाश मानसरोवर की मुक्ति के संकल्प में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। मंच के महामंत्री अर्पित मुदगल ने सभी श्रृद्धालुओं से भगवान भोलेनाथ के निवास स्थान कैलाश मानसरोवर की मुक्ति और भारत की सुरक्षा के संकल्प लेने का आव्हान किया। इस अवसर पर शिव बारात में वनखण्डेश्वर भोलेनाथ की भव्य महाआरती कर जिलाध्यक्ष डॉ. कौशलेन्द्र ने सभी आगंतुक अतिथियों का आभार माना।

शिव बारात में सहयोग के लिए डॉ. रमेश दुबे ने जताया आभार

भिण्ड। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर भिण्ड शहर में विशाल शिव बारात में सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. रमेश दुबे ने कहा की शिव बारात का कार्यक्रम हर वर्ष और व्यापक होता जा रहा है। उन्होंने इस विशाल शोभायात्रा के सफल संचालन के लिए शिव उत्सव समिति एवं श्रीश्री 1008 अवधूत गिरधारी जी महाराज चिलोंगा, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका प्रशासन, मीडिया जगत के साथीगण, नगर वासियों व शिव बारात में शामिल हुए सभी बारातियों का आभार व्यक्त किया है।