भिण्ड, 17 जनवरी। जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाएं। जिले की मौजूदा कानून व्यवस्था एवं लचर प्रशासनिक व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कई गंभीर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आज भिण्ड जिले की कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार में जिले से दो मंत्री और कई दर्जा प्राप्त मंत्री और भाजपा विधायकों के होते हुए पूरा जिले का आम जनमानस अपने को भय ग्रस्त होकर असुरक्षित महसूस कर रहा है।
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि भिण्ड जिले में कानून पंगु बनकर रह गया है, यहां अराजक तत्व और माफिया तंत्र हावी है, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन उनके सामने नतमस्तक होकर कार्य कर रहा हैं। इसलिए जिले में आए दिन गोली चलाने, मारपीट और हत्या, छेड़छाड़ जैसी गंभीर घटनाओं में वृद्धि होती जा रही है। मेहगांव में ट्रिपल मर्डर घटना इसका जीता जागता प्रमाण है। भारद्वाज ने भाजपा नेताओं से अपराधियों से गठजोड़ का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पहले 18 वर्षों की अपनी सरकार में जिले का विकास अवरुद्ध करने का काम किया और जब उससे भी उनका मन नहीं भरा तो भिण्ड ऋषि महाराज की तपो भूमि जिले में घोर अराजकता एवं जंगलराज कायम कर जिले की प्रशासनिक व्यवस्था लुंज-पुंज कर जिले वासियों को अनेक परेशानियों में डाल दिया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आज समूचा जिला भाजपा के जंगल राज का शिकार है। चोरी डकैती एवं हत्या की घटनाएं सरेआम हो रही हैं। और तो और जिला मुख्यालय पर आज-कल लड़किया भी सरेआम फायरिंग करती नजर आ रही हैं। पुलिस अधीक्षक सिर्फ घटना का खुलासा करके वाहवाही नहीं लूट सकते, बल्कि अपराध को न रोक पाना उनके लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की जान माल की सुरक्षा करने में असफल हो गई है। जिले वासियों का कानून पर से भरोसा खत्म हो रहा है। लोग डरे हुए हैं, घर से डरते डरते निकल रहे हैं, उन्हें अपनी जान माल की सुरक्षा भगवान के भरोसे पर चल रही है।