रामधुन के साथ की दंदरौआ धाम की परिक्रमा

भिण्ड, 20 अक्टूबर। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम में महामण्डलेश्वर महंत रामदास जी महाराज के सानिध्य में गुरुवार को श्रृद्धालुओं ने रामधुन के साथ पांच किमी की परिक्रमा की गई। परिक्रमा के दौरान श्रृद्धालु धर्म ध्वज के साथ जय श्रीराम के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
इस दौरान महंत रामदास जी महाराज ने श्रृद्धालुओं को स्वास्थ्य का महत्व समझाते हुए कहा कि इस संसार में मनुष्य का पहला सुख शरीर में किसी भी प्रकार का रोग नहीं होना चाहिए। श्रृद्धालु को भक्ति के साथ-साथ व्यायाम एवं हवन करना चाहिए। सुबह सूर्योदय से पहले जागना स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है। जीवन में मनुष्य को अगर अच्छे कार्य करने हों तो पहले अपने शरीर को स्वस्थ रखना होगा। उन्होंने कहा कि व्यायाम करने से रक्तचाप सहित कई तरह की बीमारियां दूर हो जाती हैं। जब मनुष्य का शरीर स्वस्थ रहेगा तो उसके मन में विचार भी अच्छे उत्पन्न होते हैं और भगवान की भक्ति में भी मन लगता है। श्रृद्धालु और साधु-संतों के अलावा गांव के समस्त बच्चों, युवाओं एवं वृद्धजनों ने दंदरौआ धाम की परिक्रमा की।