हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ध्यान रखना चाहिए: दुबे

भिण्ड, 26 नवम्बर। नेहरू युवा केन्द्र संगठन तत्वावधान में नवीन संस्कार विद्यापीठ स्कूल ग्वालियर रोड भिण्ड में संविधान दिवस मनाया गया। जिसमें संविधान की शपथ ग्रहण कराई गई एवं निबंध लेखन तथा तुलसी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी सुनील दुबे एवं अध्यक्षता संजय यादव ने की। वरिष्ठ अतिथि के रूप में आशुतोष शर्मा, रामसेवक मौर्य, रविन्द्र श्रीवास एवं गजानंद भारद्वाज उपस्थित रहे।
समाजसेवी सुनील दुबे ने कहा कि हमारा संविधान विश्व में सबसे बड़ा और लिखित संविधान है, हमें अपने संविधान का पालन हर परिस्थिति में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हम सब अपने अधिकारों की तो बात करते हैं, परंतु कर्तव्यों को भूल जाते हैं, यह देश हमारा है, हमें अपने देश के प्रति वफादार और ईमानदार रहना होगा, तभी हम राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका अदा कर सकते हैं। उन्होंने स्कूली छात्रों को चाइल्ड लाइन के नं.1098 के बारे में बताते हुए उसकी उपयोगिता को विस्तार से बताया।
नेहरू युवा केन्द्र के लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक आरएस वर्मा ने बताया कि हमें अपने जीवन में शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों का पालन कर समाजसेवा के लिए अग्रणी रहना चाहिए। जिससे हमारा समाज, हमारा राष्ट्र विश्व गुरु बन सके। वर्मा ने फिट इंडिया के तहत कई प्रकार की गतिविधियों के द्वारा बच्चों का मनोरंजन कर मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय यादव ने बताया कि भारत युवाओं का देश है, इसमें 65 प्रतिशत युवा रहते हैं और युवा का उल्टा कर दिया जाए तो वायु होता है और वायु में वह शक्ति होती है, जो किसी भी काम को करने में सक्षम होती है। इसी प्रकार हमारे देश के युवा शिक्षित होकर देश निर्माण में अहम भूमिका अदा कर सकते हैं।
भटमासपुरा युवा मण्डल के अध्यक्ष एवं पूर्व एनवाईवी धर्मवीर यादव ने पर्यावरण और जल संरक्षण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय मानव ने प्रकृति का दोहन कर लेना ही लेना सीखा है। देना नहीं इसलिए हम मानव को प्रकृति का सिंगार करके ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करना चाहिए और जल संरक्षण के लिए भी प्रयास करने चाहिए। इस अवसर पर यादव द्वारा अतिथियों को एवं स्कूली बच्चों को तुलसी के पौधों का वितरण किया गया।
मंच संचालन नेहरू युवा केन्द्र के वर्तमान एनवाईवी आशुतोष शर्मा नंदू एवं आभार व्यक्त नवीन संस्कार विद्यापीठ स्कूल के संचालक रविन्द्र श्रीवास ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विशाल, गजानंद भारद्वाज, धर्मवीर यादव, मनीष पांडे, रिंकू, प्रमोद साक्षी, ज्योति भदौरिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।