-धाम परिसर में सप्ताह भर होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन
भिण्ड, 06 नवम्बर। दंदरौआ धाम में महंत पुरुषोत्तमदास महाराज की पुण्य स्मृति में 9 नवंबर से 29वां सियपिय मिलन समारोह आयोजित होने जा रहा है। वार्षिक महोत्सव 15 नवंबर तक चलेगा। अंतिम दिन विशाल भण्डारा 16 नवम्बर को होगा।
धाम के महंत महामंडलेश्वर रामदास महाराज ने बताया कि गुरु पुरुषोत्तम दास महाराज (महंत बाबा) की पुण्य स्मृति में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी हर्ष उल्लास के साथ 29वा वार्षिक महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। जिसमें वाल्मीकि कृत श्रीराम कथा एवं रासलीला का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह 8 दिन तक चलेगा। इस धार्मिक आयोजन में सुबह 7 से 9 बजे तक यज्ञाचार्य रामस्वरूप शास्त्री पारसेन द्वारा यज्ञ कराया जाएगा। सुबह 10 से एक बजे तक वाल्मीकि कृत श्रीरामकथा का वाचन जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंदगिरि महाराज करेंगे। कथा के मुख्य यजमान बृजेश उपाध्याय हंै। दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक रासलीला का आयोजन होगा। आयोजन को लेकर 9 नवंबर को सुबह 12 बजे से कलश यात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए रोजाना भण्डारे की व्यवस्था रखी गई है।
मंदिर प्रवक्ता जलज त्रिपाठी ने बताया कि श्रद्धालुओं के बैठने के लिए कथा स्थल पर करीब 160 फीट चौड़ा और 400 फीट लंबा टेंट लगाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था बड़ी गोशाला में रखी जा रही है।







