विश्व हिन्दू परिषद लव जिहाद, धर्मांतरण सहन नहीं करेगा : पवार

– दबोह में विहिप का कार्यकर्ता परिचय सम्मेलन आयोजित

भिण्ड, 17 अक्टूबर। विश्व हिन्दू परिषद जिला लहार के बैनर तले नवीन कार्यकर्ता परिचय सम्मेलन नगर के बृन्दावन वाटिका में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता क्षेत्र संगठन मंत्री एमपी, यूपी जितेन्द्र पवार, रामदास महाराज दंदरौआ धाम, पुरुषोत्तम दास महाराज मिहोनी धाम, श्रीराम उपाध्याय मुख्यरूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सबसे पहले प्रभु श्रीराम की तस्वीर पर पूजा कर माल्यापर्ण किया गया।
मुख्य वक्ता जितेन्द्र पवार ने अपने उद्वोधन में कहा कि देश मे चल रहे लव जिहाद के नाम पर धर्मांतरण को सहन नही किया जाएगा, इसके लिए विश्व हिन्दू परिषद हर समय तैयार है। उन्होंने कहा कि देश मे हिन्दुओं को बांटने का काम किया जा रहा है, कुछ ताकतें हिन्दू को हिन्दू से लड़ाने का काम कर रही हैं, जिनसे हम सतर्क रहना होगा। भारत में जन्म लेने वाला, भारत माता की जय बोलने वाला हर व्यक्ति हिन्दू है। उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद का गठन 1964 में हुआ था तब से लेकर आज तक हिन्दू के लिए काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में पहले छुआछूत नहीं था, मुगल शासन से देश में जाति भेदभाव शुरू हुआ, तब से हम इस छुआछूत के शिकार हो रहे है। जब कोई धार्मिक अनुष्ठान होता है तो हम कहते हैं कि धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सदभावना हो विश्व का कल्याण हो, यही हिन्दू चाहता है। हिन्दू सभी का भला चाहता है, वह तो विश्व का कल्याण चाहता है। पर आज हम जाति, वर्ग, पूजा में बंटे हुए हैं, जो समाज तथा देश के लिए घातक है। आज-कल अलगाववादी अनुसूचित जाति को हिन्दू नहीं मानते है। उन्हें हमे से अलग करने का कुुच्रक चलाया जा रहा है, ऐसे अलगावबादी ताकतों से उन हिन्दू भाईयों को बचना है।
उन्होंने चंबल संभाग में सबसे ज्यादा धर्मांतरण होने की बात करते हुए कहा कि भिण्ड, मुरैना में 2011 की जनसंख्या में ज्यादा धर्मांतरण हुए हैं। हिन्दू कभी भी किसी दूसरे धर्म की बुराई नहीं करता है, वह तो अपने हिन्दू धर्म की बात करता है। उन्होंने कहा कि कुछ फिरका परस्ती ताकतें कहती थीं कि बाबरी ढांचा गिरा तो खून खराबा हो जाएगा, पर विश्व परिषद ने नारा दिया था रामलला हम आएंगे, मंदिर वही बनाएंगे। इसके बाद कुछ ताकतें कहने लगी कि मन्दिर वहीं बनाएंगे पर तारीख नहीं बताएंगे, विश्व हिन्दू परिषद ने तारीख भी बताई और अयोध्या में श्रीराम का भव्य मन्दिर भी बनाया। उन्होंने कहा कि आपने देखा होगा कि हिन्दू जब संगठित होकर खड़ा होता है तो भारत की पहचान विश्व पटल पर होती है। जब रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध हो रहा है वहां से भारत के साथ साथ पाकिस्तान के छात्र भी तिरंगा लेकर निकले, जिन्हें दोनों देशों की सेनाओं ने सकुशल जाने दिया यह है, भारत की ताकत जो आज विश्व मे तीसरी अर्थ व्यवस्था बनने जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आप सिर्फ हिन्दू हैं, कोई छोटा बड़ा नहीं है। इसलिए हमें आपस मे भाईचारा बनाकर रहना होगा।
महामण्डलेश्वर रामदास महाराज दंदरौआ धाम ने सभी को अपना शुभ आशीर्वाद दिया। इस मौके पर क्षेत्र संयोजक बजरंग दल विश्ववर्धन भट्ट, कार्यकर्ता भगवती दुबे, अबधेश गुप्ता, मनोज बोहरे, अरविन्द गुप्ता, राजीव पाराशर, नीतेश भारद्वाज, रामप्रकाश पचौरी, सुमित विरथरे, दीपू शुक्ला, मनोज महते, राममोहन मुदगल, शिवम स्वामी, सुमित मिश्रा, नीरज उपाध्याय, नीरज कुशवाह, बीरसिंह परिहार, मनीष भारद्वाज, रविन्द्र समाधिया, पंकज करैया मौजूद रहे।