– ग्वालियर-चंबल संभाग में उद्यानिकी फसलों के रकबे में लगातार बढोत्तरी
ग्वालियर, 22 अगस्त। ग्वालियर-चंबल संभाग में सरकार की मंशा के अनुरूप किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से उद्यानिकी फसलों को बढावा दिया जा रहा है। दोनों संभागों में उद्यानिकी फसलों का रकबा लगातार बढ रहा है। वर्ष 2024-25 में ग्वालियर संभाग में उद्यानिकी फसलों का रकबा बढकर 2 लाख 71 हजार 524 हैक्टेयर हो गया है, जो वर्ष 2023 से लगभग 22 हजार हैक्टेयर अधिक है। इसी प्रकार चंबल संभाग में उद्यानिकी फसलों का रकबा लगभग 3 हजार हैक्टेयर बढकर 51 हजार 454 हैक्टेयर हो गया है।
संभागीय संयुक्त संचालक उद्यानिकी से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालियर संभाग के ग्वालियर जिले में वर्ष 2024-25 में उद्यानिकी फसलों का रकबा 23 हजार 25 हैक्टेयर, दतिया में 20 हजार 390, शिवपुरी में 69 हजार 610, गुना में एक लाख 27 हजार 995 व अशोकनगर जिले में 30 हजार 504 हैक्टेयर रहा है। इसी तरह चंबल संभाग के भिण्ड जिले में 11 हजार 966 हैक्टेयर, मुरैना में 20 हजार 312 व श्योपुर जिले में उद्यानिकी फसलों का रकबा 19 हजार 176 हैक्टेयर हो गया है।
फसलवार उद्यानिकी फसलों का ब्यौरा
ग्वालियर संभाग के कुल 2 लाख 71 हजार 554 हैक्टेयर उद्यानिकी रकबे में से फलों का रकबा 16 हजार 153 हैक्टेयर, सब्जियों का रकबा 90 हजार 204 हैक्टेयर, मसालों का एक लाख 58 हजार 583 हैक्टेयर, फूलों का 3 हजार 629 हैक्टेयर एवं औषधि व सुगंधित फसलों का रकबा 2 हजार 956 हैक्टेयर है। इसी तरह चंबल संभाग के कुल 51 हजार 454 हैक्टेयर उद्यानिकी रकबे में फसलों का रकबा 7 हजार 211 हैक्टेयर, सब्जियों का 32 हजार 501, मसालों का 10 हजार 997, फूलों का 489 व औषधि एवं सुगंधित फसलों का रकबा 256 हैक्टेयर है।