भिण्ड, 14 जून। साहित्य कला और संस्कृति के लिए देशभर में सकारात्मक दृष्टि से पहचानी जाने वाली चंबल अंचल की नगरी भिण्ड में 15 जून को एक बडा साहित्यिक आयोजन हो रहा है। यह आयोजन प्रकर्ष फाउण्डेशन भिण्ड के तत्वावधान में होगा। प्रकर्ष की संस्थापिका अध्यक्ष कवयित्री एवं समाज सेविका आरती सिंह हैं।
कार्यक्रम स्थल के रूप में वैयंत मांगलिक भवन इन्दिरा गांधी चौराहा के पास जमुना नगर भिण्ड घोषित किया गया है। संयोजक आरती ने इस आयोजन में ग्वालियर चंबल संभाग के वरिष्ठ तथा नइध््र पीढी के साहित्यकारों को सादर आमंत्रित किया है। सच कहूं तो यह आयोजन तीन पीढियों के बीच समन्वय संगम सेतु निर्मित किए जाने की भावना के साथ आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध गीतकार डॉ. देवेन्द्र तोमर करेंगे। पूर्व संभाग आयुक्त कवि लेखक सामाजिक कार्यकर्ता राजीव शर्मा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। वहीं दूसरी ओर ग्वालियर चंबल संभाग के वरिष्ठ साहित्यकार एवं संपादक डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में आमंत्रित किए गए हैं। इस आयोजन का संचालन मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया करेंगे।
आयोजन का विशेष आकर्षण प्रकर्ष कवि सम्मेलन है। इस कवि सम्मेलन में देश प्रदेश तथा जिले के चुनिंदा कवि कवित्रियों के भाग लेने की संभावना है। कवि सम्मेलन के लिए जिन रचनाकारों की स्वीकृति संयोजक आरती सिंह को प्राप्त हो गई है उनमें कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र तोमर मुरैना, मुख्य अतिथि पूर्व कमिश्नर राजीव शर्मा, विशिष्ट अतिथि डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर, प्रदीप बाजपेई अंजुम मनोहर, डॉ. परमाल सिंह कुशवाह, तनु श्रीवास्तव भिण्ड, विपिन तोमर, आकाश अर्चित, साक्षी चौहान, हिमांशु शर्मा, सुयश श्रीवास्तव, विकास बघेल ग्वालियर, अंजलि चौरसिया निवाडी, अनुभवी शर्मा, गोविन्द सिंह भदौरिया दतिया, प्रियंका राजावत बबेडी प्रमुख हैं। आयोजन में पधार रहे कार्यक्रम अध्यक्ष मुख्य अतिथि विशिष्ट अतिथि सहित काव्य पाठ करने वाले समस्त कवियों का सम्मान भी किया जाएगा।