– नवीन आचार्य शिक्षण वर्ग का हो रहा है आयोजन
ग्वालियर, 11 जून। विद्या भारती मध्य भारत प्रांत द्वारा मार्गदर्शित ग्राम भारती शिक्षा समिति मध्य भारत प्रांत से संबद्ध ग्राम भारती शिक्षा समिति जिला ग्वालियर, भिण्ड, मुरैना, दतिया जिले के नव चयनित आचार्य-दीदियों का सात दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है। वर्ग संयोजक, दतिया जिला प्रमुख एवं प्रांत पर्यावरण संयोजक राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि नवीन आचार्य शिक्षण वर्ग सरस्वती शिशु मन्दिर संस्कार धाम टप्पा तहसील मुरार ग्वालियर में आयोजित हो रहा है।
वर्ग को संबोधित करते हुए विद्या भारती के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं सरस्वती शिशु मन्दिर शिक्षा नगर मुरैना के प्राचार्य, प्रबंधक सुनील दीक्षित ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में छात्रों के सर्वांगीण विकास और भारत केन्द्रित शिक्षा को विशेष स्थान दिया गया है। पहले भारत में शिक्षा थी, परंतु अब शिक्षा में भारतीयता के दर्शन होते हैं। पहली शिक्षा नीति 1968 और दूसरी 1986 में बनी। पल तत्कालीन सरकार ने उसके क्रियान्वयन में उत्सुकता नहीं दिखाई। 2020 में आई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भारतीय संस्कृति, भारतीय जीवन मूल्य कला, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, मातृभाषा, भारतीय महापुरुष, हमारे मान बिन्दुओं की पर्याप्त जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि आप सभी आचार्य दीदी यहां प्रशिक्षण लेने आए हैं, यहां से सीखकर अपने गांव को स्वच्छ एवं स्वावलंबी बनाने में सहयोग करें। पौधारोपण कर गांव को हरा-भरा बनाएं। पानी का सदुपयोग करें। बरसात के पानी का संचय करें।
आरोग्य भारती के अध्यक्ष एमके सारस्वत ने अपने उदबोधन में कहा कि आरोग्य भारती का उद्देश्य है स्वस्थ रहना, हमारा समाज स्वस्थ रहे। सर्वे भवन्तु सुखिन। उन्होंने स्वस्थ जीवन शैली पर विस्तार से जानकारी दी और चर्चा की। लू से बचाव के लिए औषधि का वितरण किया। इस अवसर पर मुस्कान गुप्ता समिति सदस्य भिण्ड, कल्याण सिंह कौरव जिला प्रमुख भिण्ड उपस्थित रहे। अतिथि परिचय वर्ग संयोजक ने कराया। अतिथि सत्कार अवधेश बघेल एवं राज दांगी ने किया। सत्र का संचालन स्वीटी दीदी ने किया। इस वर्ग में ग्वालियर विभाग के नव चयनित आचार्य-दीदी सहभागी हुए। उक्त जानकारी प्रचार प्रमुख रिंकू बघेल ने दी।