होली पर जमकार उडा गुलाल, लोग रहे रंगों से सराबोर

-सडक और गलियों में बिखरा प्रेम और भाईचारे का रंग

भिण्ड, 15 मार्च। प्रेम और भाईचारे का त्योहार होली जिले भर में धूमधाम से मनाई गई। सुबह से शहर की सडकों और मुहल्लों की गलियों में रंग और गुलाल की बारिश दिखाई दी। कई जगहों पर डीजे तथा ढोल, ताशों की धुन पर लोग मस्ती करते नजर आए। सडक और गलियों में कोई ऐसा नहीं दिखा जो लाल, गुलाबी, हरे और पीले रंगों से सराबोर न हो।

oplus_2

गुरुवार रात को जिले में होलिका दहन किया गया। शहर के मन्दिरों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पूजा-अर्चना हुई। श्रद्धालुओं ने अग्नि में नारियल, गेहूं की बालियां और गुड चढाकर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद शुक्रवार सुबह होली का उत्सव मनाने युवाओं की टोलियां सडकों पर निकल पडी। इसके साथ ही सडकों, गली और मोहल्ले में रंगों की बौछार शुरू हो गई।
गले मिले और दी बधाइयां
होली खेलते समय लोगों ने प्रेम और सौहार्द का परिचय दिया। बिना किसी जाति, धर्म या वर्ग के भेदभाव के सभी ने मिलकर एक-दूसरे को गुलाल लगाया और गले मिलकर होली की बधाइयां दीं।
गांवों में फाग गाने निकली टोलियां
गांवों में होली का उत्सव अधिक पारंपरिक अंदाज में मनाया जाता है, जहां रंग खेलने के साथ-साथ मिठाइयों का वितरण भी किया जाता है। होली के त्योहर पर फाग गाने का चलन सदियों से चला आ रहा है। हालांकि अब यह प्रचलन काफी कम होता जा रहा है, इसके बाद भी ग्रामीण इलाकों में इसका अभी भी चलन है। जहां ढोलक-मंजीरों की ताल पर लोग फाग गाते दिखाई दिए।
निगरानी पर रहा पुलिस बल
होली के त्यौहार को देखते हुए पुलिस भी अलर्ट रही। त्योहार से पूर्व जिले भर के पुलिस थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं थी। जिनमें पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों से उल्लास के साथ शांतिपूर्वक होली के त्यौहार को मनाने की अपील की गई थी। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। पुलिस बल होलिका दहन वाले दिन से ही शहर भर में गस्त करते हुए लोगों की निगरानी करता रहा।
नेताओं और अधिकारियों ने खेली होली
होली के इस पावन पर्व पर राजनेताओं, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भी जनता के साथ रंग-गुलाल उडाया। कई स्थानों पर नेताओं ने लोगों को मिठाई खिलाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

गुलाल लगाकर लोगों को दी होली की बधाई

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक ने शहर में लोगों को गुलाल लगाकर होली बधाई दी और कहा कि होली महापर्व सनातन संस्कृति व सभ्यता का प्रतीक है। होली के अवसर पर उन्होंने सदर विधायक, राजनेताओं, समाजसेवी लोगों एवं युवाओं के साथ गुलाल एवं रंग लगाकर होली मनाई। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति का यह पर्व प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है। होली में दुश्मन भी दोस्त बन जाते है और सभी लोग आपस में भाईचारे और प्रेम सदभावना के लिए आगे बढते हुए प्रेम का संदेश देते हैं।