ग्वालियर, 19 दिसम्बर। महिला जूनियर एशिया कप में टीम इंडिया ने चीन को रौंद कर खिताब अपने नाम कर लिया है। भारतीय हॉकी टीम ने पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से जीत दर्ज की है। पहले ये मैच 1-1 की बराबरी पर रहा था। इसके बाद शूटआउट हुआ, इसमें भारत ने रोमांचक जीत दर्ज की है। दतिया की ज्योति सिंह की कप्तानी में भारत की महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
इस भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की कप्तानी दतिया की बेटी ज्योति सिंह ने की थी। पूर्व ओलंपियन तुषार खांडेकर मुख्य प्रशिक्षक हैं, जिनके पास दतिया की बेटी ज्योति सिंह परिहार राज्य महिला हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थी। उनको कप्तानी की जिम्मेदारी हॉकी इंडिया द्वारा सौंपी गई थी।
देश के साथ दतिया में भी खुशी की लहर
भारतीय जूनियर महिला टीम के एशिया चैंपियन बनने पर दतिया के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड गई। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी अरविंद सिंह राणा और खेल समन्वयक संजय रावत ने ज्योति सिंह और उनके पिता धीरज सिंह परिहार को विशेष सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। साथ ही भारतीय जूनियर महिला हॉकी की कप्तान ज्योति के उज्जवल भविष्य की कामना की।