कर्ज, क्राइम, करप्शन, महंगाई, बेरोजगारी के विरोध में भोपाल जाएंगे जिले के कांग्रेसी

-भाजपा सरकार की वादा खिलाफी के विरोध में 16 दिसंबर को मप्र की विधानसभा का घेराव

भिण्ड, 14 दिसम्बर। मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार एवं उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे के नेतृत्व में 16 दिसंबर को मप्र विधानसभा का घेराव कर बडा जंगी प्रदर्शन किया जाएगा। विधानसभा घेराव की रणनीति बनाने के लिए पार्टी की ओर से जिला प्रभारी नियुक्ति किए गए हैं। विधानसभा भोपाल में प्रदर्शन के लिए भिण्ड से कार्यकर्ताओं के जाने की तैयारी के संबंध में भिण्ड जिला के प्रभारी सत्यपाल सिंह सिकरवार नीटू ने प्रेस वार्ता की, जिसमें उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार को एक बर्ष हो गया, जिसमें बेजेपी सरकार द्वारा जनता से किए गए वायदों को पूरा न करते हुए वादा खिलाफी की है।
सिकरवार ने कहा कि मप्र में बढता कर्ज, क्राइम, करप्शन, महंगाई, बेरोजगारी, आदिवासी, दलित, महिला अत्याचार, अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ कांग्रेस 16 दिसंबर को 12 बजे भोपाल विधानसभा का घेराव कर जंगी प्रदर्शन कर रही है, जिसमें लाखों लोग एकत्रित होंगे। उन्होंने बताया कि विधानसभा घेराव को लेकर जिला प्रभारियों सहित विधानसभावार एवं ब्लॉक, नगर, वार्ड कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक कांग्रेस जन और आमजनता से संपर्क कर अधिकाधिक लोगों को भोपाल प्रदर्शन में पहुंचाने के लिए निर्देशित किया गया है।
प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से विधानसभा घेराव के लिए नियुक्ति किए गए भिण्ड जिला प्रभारी पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार नीटू, प्रदेश सचिव धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया पिंकी, प्रदेश सचिव प्रमोद चौधरी, जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह, शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा, रामहर्ष सिंह कुशवाह, जिला उपाध्यक्ष वीरेन्द्र यादव, जिला मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह गुर्जर, उदयवीर सिंह सिकरवार, भिण्ड नगर अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी उपस्थित रहे।