महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति रहें जागरुक : सांसद संध्या राय

– महिला संवाद एवं दादी-नानी सम्मान कार्यक्रम हुए आयोजित

भिण्ड, 05 अक्टूबर। क्षेत्रीय सांसद संध्या राय ने शक्ति अभिनंदन अभियान के अंतर्गत मेहगांव में आयोजित महिला संवाद एवं दादी-नानी सम्मान कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं और किशोरियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान न केवल महिला सशक्तिकरण अपितु महिलाओं के हर प्रकार से विकास के लिए उपयोगी है, अब हमारी सरकार में भी महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित किए गए हैं, अर्थात महिला को आगे आना ही होगा महिला को जो थोडे से संबल की आवश्यकता थी उसे सरकार ने आगे आकर उन्हें संबल प्रदान किया है।
सांसद संध्या राय ने उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों से चर्चा की। उनसे पूछा कि उन्होंने अभी तक के अभियान से क्या सीखा है, जवाब में उन्हें बाल विवाह अधिनियम, घरेलू हिंसाओं से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, गुड टच एवं बेड टच, महिलाओं से संबंधित अन्य नियमों कानून की जानकारी उपस्थित महिला एवं किशोरियों ने दी। जिस पर सांसद ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा शासन का और सरकार का यही उद्देश्य है कि आप अपने प्रति जागरुक रहें आपको अपने अधिकारों के प्रति जागरुक रहना है। वास्तव में महिला सशक्तिकरण तभी होगा जब महिला स्वयं के संबंध में निर्णय स्वयं लेगी, अर्थात महिला के निर्णय में किसी और की सहमति की आवश्यकता ना पडे, वह सबसे शक्तिशाली होती है वह एक परिवार चलाती है, अपना काम करती है एवं विभिन्न शासकीय, अशासकीय, राजनीतिक दायित्वों का भी निर्वहन करती है। हमारे देश की राष्ट्रपति भी महिला है, आपके जिले की सांसद भी महिला है और ऐसी बहुत सी महिलाएं हैं जो हर जगह पर राजनीतिक पदों पर, प्रशासकीय पदों पर भी महिलाओं ने अपना परचम लहराया है, आज की महिला न केवल जमीन पर अपितु चांद पर भी पहुंच गई है और वहां तक पहुंचाने के लिए महिला को आरक्षण की जरूरत नहीं पडी, अपितु अपने हौसलों की उडान से महिलाओं ने अपना खुद का आसमान बनाया है और आसमान की सीमा को भी लांघते हुए अपने पंखों को सशक्त किया है और हर बार नए आयाम स्थापित किए हैं।

उन्होंने कहा कि उपस्थित सभी महिलाओं और किशोरियों से बस यही अपेक्षा है कि किसी भी प्रकार का शोषण नहीं सहें। बल्कि उसका डटकर सामना करें महिला बाल विकास एवं विभिन्न विभाग, जिला प्रशासन और वह व्यक्तिगत रूप से महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए दृढ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभ लेते हुए स्व सहायता समूहों के द्वारा भी महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक विकास हो रहा है आर्थिक विकास होने से उनके जीवन शैली में सुधार आया है इसके अलावा पैसा होने से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा में भी वृद्धि हुई है। सांसद ने महिला बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई पोषण प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। जिसमें उपस्थित पर्यवेक्षक ने उन्हें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषण आहार की जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार से बिना किसी सप्लीमेंट और बाहरी दवा के स्थानीय सर पर उपलब्ध मिलेट्स, हरी सब्जियों द्वारा कुपोषण को दूर किया जाता है और स्वस्थ रहा जा सकता है।
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार जैन के निर्देशन में शक्ति अभिनंदन अभियान के चौथे दिवस में महिला संवाद एवं दादी-नानी सम्मान कार्यक्रम का आयोजन मेहगांव में एवं अन्य संपूर्ण जिले में किया गया। मेहगांव के कार्यक्रम में महिला बाल विकास विभाग की ओर से परियोजना अधिकारी महावीर सिंह खटीक, बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना, परियोजना की पर्यवेक्षक कृष्णा कुशवाहा, सुधा शर्मा, कार्यालय का स्टाफ और बडी संख्या में महिलाएं किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय सांसद संध्या राय उपस्थित रहीं। उनके साथ समाजसेवी सुधा राठौर और पूर्णिमा सिंह समाजसेवी भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत में सर्वप्रथम सरस्वती पूजन एवं उसके पश्चात कन्या पूजन कर किया गया। उसके पश्चात अभियान के संबंध में बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना ने विस्तार से चर्चा की।
सक्सेना ने बताया कि यह अभियान 11 अक्टूबर तक शासन निर्देशानुसार संचालित है, जिसमें प्रत्येक दिवस की गतिविधि पूर्व से निश्चित है। शनिवार की गतिविधि में दादी-नानी सम्मान अर्थात बुजुर्ग महिला सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम किया जाना है। उन्होंने बताया कि शक्ति अभिनंदन अभियान का प्रमुख उद्देश्य महिला को शारीरिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है, उनके अधिकारों के बारे में जानकारी देकर उन्हें सशक्त करना है। महिलाओं का हर प्रकार से सर्वांगीण विकास ही उक्त अभियान का उद्देश्य है। उन्हें घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीडन अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, गुड टच बेड टच, की जानकारी दी गई।