रौन में काव्य कृति ‘मत बेचो ईमान एवं कुछ कर दिखाएंगे’ का हुआ विमोचन
भिण्ड, 09 जनवरी। घर, परिवार, समाज का चिंतन करते हुए साहित्य सृजन करने वाला ही सच्चा साहित्यकार होता है, जो अपने दायित्व निर्वहन के साथ समाज में चेतना, प्रेरणा और अनुकरणीय जागृति पैदा करता है। यह विचार प्रीतम सिंह पैलेस में खुशबू संस्था की ओर से आयोज्य लोक कवि शिरोमणि प्रसाद अनुरागी की दो काव्य कृतियों ‘मत बेचो ईमान एवं कुछ कर दिखाएंगे’ के विमोचन अवसर पर अध्यक्ष की आसंदी से वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर ने व्यक्त किए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. विनोद सक्सेना, अति विशिष्ट अतिथि जिला आबकारी अधिकारी ग्वालियर अंशु सिंह, युवा साहित्यकार डॉ. लोकेश तिवारी, नगर परिषद रौन की अध्यक्ष रिंकी बघेल, उपाध्यक्ष मेवालाल बघेल मंचासीन थे। अतिथियों ने अनुरागी की कृतियों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का सफल संचालन गीतकार डॉ. शिवेन्द्र सिंह शिवेन्द्र एवं आभार वरिष्ठ साहित्यकार एवं प्राचार्य रामप्रकाश बघेल बैरागी ने व्यक्त किया। सरस्वती पूजन, अतिथि सम्मान एवं विमोचन के उपरांत जिलभर से पधारे कवियों ने शानदार काव्यपाठ किया। कवियों में डॉ. अरविन्द बरुआ, डॉ. कैशाल नारायण प्रजापति, जगतपाल सिंह राजावत, जयप्रकाश पाण्डेय चाचा, मुन्नालाल गुप्ता, नागेन्द्र सिंह निर्वाण, आकाश शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, रामप्रकाश बैरागी, शिरोमणि प्रसाद अनुरागी, डॉ. शिवेन्द्र सिंह शिवेन्द्र ने शानदार काव्यपाठ किया। खुशबू संस्था के इस आयोजन में रौन क्षेत्र और नगर के प्रबुद्धजन, साहित्यविद, शिक्षाविद, पत्रकार, समाजसेवी काफी संख्या में उपस्थित रहे।