भृत्यों के भरोसे आलमपुर कृषि उपज मण्डी, कर्मचारी रहते हैं गायब

भिण्ड, 09 जनवरी। आलमपुर कृषि उपज मण्डी में कर्मचारियों की मनमानी चरम पर है। कर्मचारियों के लगातार कार्यालयीन समय में गायब रहने और समय पर न आने की शिकायतें सामने आ रही हैं। मंगलवार को दोपहर लगभग तीन बजे कृषि उपज मण्डी की स्थिति का जायजा लिया गया तो दो भृत्य मौजूद मिले और बांकी का पूरा स्टाफ नदारद मिला। आलमपुर कृषि उपज मण्डी में पदस्थ कर्मचारी लगातार अपनी मनमानी पर उतारू हैं।
जानकारी लेने पर पता चला कि कार्यालय में भृत्य को छोडकर अधिकांश स्टाफ दोपहर 12 बजे के बाद कार्यालय पहुंच रहा है और समय से पूर्व ही चला जाता है। मंगलवार को यह स्थिति तब सामने आई जब मण्डी से समस्त स्टाफ के नदारत होने जानकारी मीडिया में आई। मौके पर जब पहंचा गया तो यहां सचिव सुदामा प्रसाद शर्मा, नरेन्द्र कौरव, विनीता शर्मा, नीरज जाटव, नारायणदास त्रिपाठी सभी लोग गायब मिले और सभी कमरों के दरवाजे बंद थे। आलमपुर कृषि उपज मण्डी जिले की प्रमुख उपज मण्डियों में से एक है। इस मण्डी में आलमपुर सहित आसपास के लगभग आधा सैकडा से ज्यादा गांव के किसान अपनी फसल बेचने आते हैं। मण्डी द्वारा प्रतिवर्ष बडा राजस्व जुटाया जाता है। इसके बाद भी अपनी ड्यूटी के लिए यहां पदस्थ्य स्टाफ गंभीर नहीं है।
अधिकांश स्टाफ करता है अपडाउन
आलमपुर मण्डी में पदस्थ सचिव से लेकर अधिकांश कर्मचारी अपडाउन करते हैं। कोई ग्वालियर से कोई मिहोना से तो कोई कर्मचारी दबोह और अन्य जगह से अपडाउन कर अपने ड्यूटी समय को जाया कर रहा है। अपडाउन के चलते कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सफर में निकल जाता है और यह हर रोज की कहानी हो गई है।

इनका कहना है-

इस प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जानकारी कर ड्यूटी ठीक ढंग से न करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
नवनीत शर्मा, एसडीएम लहार