शहर कांग्रेस ने मनाया स्थापना दिवस

वरिष्ठों का सम्मान और पार्टी फंड में किया दान

भिण्ड, 28 दिसम्बर। शहर कांग्रेस ने डॉ. राधेश्याम शर्मा की अगुवाई में कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया। सर्वप्रथम कांग्रेस के कार्यकरी जिलाध्यक्ष पानसिंह सुमन ने पार्टी का झण्डा फहराया और वंदे मातरम गीत के साथ कार्यक्रम शुरू किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेताओं का माला पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन बलराम जाटव ने किया। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के फण्ड में डोनेशन एप के माध्यम से 138 और 1338 रुपए राशि ऑनलाइन दान की।
इस अवसर शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास बलिदानों से भरा हुआ रहा है, लेकिन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने कभी अपनी विचारधारा और देश को मजबूत बनाने वाले संकल्प से समझौता नहीं किया। कांग्रेस ने अपने शासन काल में हमेशा हर वर्ग और धर्म के व्यक्ति के संपूर्ण विकास हेतु योजनाएं संचालित की। विकास के साथ-साथ पूरे विश्व में भारत देश का लोहा मनवाया। लेकिन आज जनविरोधी केन्द्र की भाजपा सरकार में देश आर्थिक रूप से कमजोर और महंगाई, बेरोजगारी से जूझ रहा है और सत्तासीन लोग झूठे सब्जबाग दिखाकर देश की जनता को भ्रमित कर रहे हैं।
कार्यक्रम में ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष सूरजपाल सिंह राजावत, महिला अध्यक्ष रेखा भदौरिया, आशुतोष शर्मा, विवेक पचौरी, अजय शर्मा, गंगाराम जाटव, रामप्रकाश जाटव, हिम्मत सिंह हरिऔध, पप्पू त्यागी, दर्शन तोमर, शंकर सिंह आदि ने संबोधित किया एवं आधा सैकडा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मौ में मना कांग्रेस का स्थापना दिवस
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का स्थापना दिवस कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौ में भी मनाया। इस अवसर पर अनेक वक्ताओं ने अपने विचार भी रखे। युवा नेता तिलक सिंह राजौरिया ने बताया कि इंडियन नेशनल कांग्रेस की स्थापना दिवस 28 दिसंबर 1885 को हुई थी, कांग्रेस पार्टी का इतिहास संघर्ष, त्याग और बलिदान का इतिहास रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पं. जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना अब्दुल कलाम आदि के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम ने हमारे देश को आजादी दिलाई थी। कांग्रेस के लाखों लोगों ने संघर्ष, समर्पण, यातनाएं सहकर राष्ट्र को स्वतंत्र कराने में अपना योगदान दिया था। 28 दिसंबर 2023 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 139वां स्थापना वर्ष है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी आव्हान पर यह कार्यक्रम रखा गया। जिसमें अलबेल सिंह यादव, राजीव कौशिक, देवेन्द्र सिंह गुर्जर, रामनिवास सोनी, मनोहर सिंह गौर, जागेश यादव, संजीव यादव, आजादनवी कुरैशी, इरशाद पठान, धर्मेन्द्र बाबा, इकबाल पठान, अवधेश प्रजापति, राजा पठान, जाहिद खां, अजीत जैन, दिनेश राठौर, हिकमत पठान आदि ने संगठन को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया।